फिल्म ‘मां’ ने रिलीज के पहले तीन दिन में 25 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Jun 2025 09:42 PM
फिल्म ‘मां’ ने रिलीज के पहले तीन दिन में 25 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. काजोल अभिनीत हॉरर फिल्म ‘मां’ ने अपने पहले सप्ताहांत में दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर 25.41 करोड़ रुपये की कमाई की है. निर्माताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी. विशाल फुरिया द्वारा निर्देशित इस फिल्म की पटकथा साइविन क्वाड्रास ने लिखी है. फुरिया इससे पहले ‘लपाछपी’, ‘क्रिमिनल जस्टिस’ और ‘छोरी’ जैसी फिल्मों और शो के लिए जाने जाते हैं. यह फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

‘जियो स्टूडियोज’ और ‘देवगन फिल्म्स’ द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे ने किया है. फिल्म के सह-निर्माता कुमार मंगत पाठक हैं. फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्टर साझा करते हुए बॉक्स ऑफिस आंकड़े बताए. पोस्टर पर लिखा था, “माइथोलॉजी हॉरर की बड़ी जीत. कुल वर्ल्डवाइड 25.41 करोड़ रुपये की कमाई.” फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 4.93 करोड़ रुपये की कमाई की, दूसरे दिन 6.26 करोड़ और तीसरे दिन 7.24 करोड़ रुपये कमाए. इस तरह ‘मां’ की कुल घरेलू कमाई 18.43 करोड़ रुपये रही.

पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, ”फिल्म ‘मां’ अब थियेटर में… टिकट अभी बुक करें.” फिल्म की कहानी एक मां की है, जो डर और विश्वासघात में जड़ें जमाए एक अभिशाप को खत्म करने के लिए देवी काली का रूप धारण करती है. इस फिल्म में काजोल के साथ इंद्रनील सेनगुप्ता, खेरिन शर्मा और रोनित रॉय भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu