कर्नाटक में विधायकों, सांसदों के साथ नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चा नहीं हुई : सुरजेवाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Jul 2025 09:25 PM
कर्नाटक में विधायकों, सांसदों के साथ नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चा नहीं हुई : सुरजेवाला
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कांग्रेस महासचिव और पार्टी के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश सरकार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर विधायकों के साथ किसी तरह की रायशुमारी नहीं की गई है. उन्होंने यह टिप्पणी इस मामले पर कांग्रेस की राज्य इकाई में आंतरिक कलह के मद्देनजर की है. सुरजेवाला ने कहा कि वह विधायकों और सांसदों से उनके संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में किए गए कार्यों को समझने के लिए मुलाकात कर रहे हैं.

सुरजेवाला ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”आपमें से कुछ ने मुझसे पूछा कि क्या आप नेतृत्व परिवर्तन पर राय ले रहे हैं. मैंने कल भी जवाब दिया था और आज फिर दे रहा हूं–एक शब्द में स्पष्ट रूप से ‘नहीं’ है.” कांग्रेस महासचिव ने बताया कि उन्होंने पार्टी विधायकों, सांसदों, एमएलसी और विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ने वाले पार्टी उम्मीदवारों के साथ बैठक की. उन्होंने यह भी कहा कि अगले सात से आठ दिनों में वह सभी विधायकों से मुलाकात करेंगे.

सुरजेवाला ने कहा, ”हम विधायकों और सांसदों से मिल रहे हैं. हम अपने विधायकों से यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने पिछले दो वर्षों में अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में क्या काम किया है. उनके कामकाज की समीक्षा करना महत्वपूर्ण है.” उन्होंने कहा, ”अगर मैं एक विधायक हूं, तो मैं यह सुनिश्चित करने के लिए बाध्य हूं कि लोगों के प्रति मेरी जवाबदेही और मेरे निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के चुनावी वादे पूरे हों. इसलिए, मैं अपने विधायकों से अपना रिपोर्ट कार्ड देने के लिए कह रहा हूं.” कांग्रेस नेता ने कहा कि विधायकों से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, विधानसभा कांग्रेस कमेटी की स्थिति और समय-समय पर उनकी पार्टी बैठकों की संख्या के बारे में भी पूछा जाएगा.

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई बातचीत नहीं : शिवकुमार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई है और उन्होंने राज्य में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और पार्टी की सरकार के हाथ मजबूत करने पर जोर दिया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार ने पार्टी नेताओं और विधायकों से नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर मीडिया से बात नहीं करने को कहा.

उन्होंने कहा कि रामनगर के विधायक एच.ए. इकबाल हुसैन को नोटिस जारी किया जाएगा, जो यह बयान दे रहे हैं कि शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनना चाहिए. हुसैन और एच.सी. बालकृष्ण (मगदी) सहित कुछ पार्टी विधायकों के इस दावे के बाद नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें फिर से शुरू हो गई हैं कि इस साल के अंत में शिवकुमार मुख्यमंत्री बनेंगे.

शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया, “बयानबाजी हो रही है. हम पार्टी में अनुशासन चाहते हैं. अनुशासन जरूरी है. नेतृत्व परिवर्तन का कोई मुद्दा नहीं है. इस पर कोई चर्चा या कुछ नहीं हो रहा है. कोई जल्दबाजी में नहीं है, 2028 हमारे लिए महत्वपूर्ण है.” एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “मैं इकबाल हुसैन को नोटिस जारी करूंगा. आज या कल, मैं उन्हें नोटिस जारी करूंगा. मैं यह भी नहीं चाहता कि बालकृष्ण मेरे पक्ष में बोलें….” हुसैन ने दावा किया है कि शिवकुमार के पास दो से तीन महीने में मुख्यमंत्री बनने का मौका है.
शिवकुमार ने कहा कि पार्टी के किसी भी नेता या विधायक को ऐसे मामलों पर मीडिया से बात नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा, “किसी को भी प्रेस के सामने नहीं जाना चाहिए. मैं यह कह रहा हूं, प्रेस के सामने नहीं जाना चाहिए. मैं यह कह रहा हूं, चाहे वह इकबाल हुसैन हों या बी आर पाटिल या बालकृष्ण या कोई और, इसकी कोई जरूरत नहीं है.”

मैं भाग्यशाली हूं, इसलिए मुख्यमंत्री बना : सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को कहा कि वह भाग्यशाली हैं और इसलिए वह इस पद पर हैं. आलंद से कांग्रेस विधायक बी आर पाटिल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्धरमैया ने संवाददाताओं से कहा, ”हां, मैं भाग्यशाली हूं. इसलिए मैं मुख्यमंत्री बना.” आवास मंत्री बी जेड ज.मीर अहमद खान से नाराज चल रहे पाटिल ने मंगलवार को कहा कि सिद्धरमैया भाग्यशाली हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu