इस गांव में नहीं होता रावण दहन: लंकापति को मानते हैं इष्टदेव, शादी का पहला न्यौता भी रावण को…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 19 Oct 2026 01:50 PM
इस गांव में नहीं होता रावण दहन: लंकापति को मानते हैं इष्टदेव, शादी का पहला न्यौता भी रावण को…
ऑडियो सुनें

इस गांव में दशहरे पर रावण दहन नहीं किया जाता, बल्कि ग्रामीण उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। गांव के प्राचीन परमारकालीन मंदिर में रावण बाबा की करीब 12 फीट लंबी प्रतिमा विराजमान है। विजयादशमी पर यहां रामायण पाठ और महाभंडारे का आयोजन होता है।

 

विजयादशमी पर जहां पूरे देश में बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक मानकर रावण के पुतले जलाए जाते हैं, वहीं मध्यप्रदेश के विदिशा जिले की नटेरन तहसील में स्थित रावण गांव में आस्था का अनूठा रूप दिखाई देता है। इस गांव में दशहरे पर रावण दहन नहीं किया जाता और न ही पटाखों की गूंज सुनाई देती है। यहां के ग्रामीण रावण दहन को देखना अथवा करना बेहद अशुभ मानते हैं।

स्थानीय निवासियों के लिए रावण कोई जलाया जाने वाला पुतला नहीं, बल्कि वे उन्हें अपने ग्राम देवता और इष्ट देव के रूप में पूजते हैं। गांव के लोग लंकापति को अत्यंत श्रद्धा के साथ रावण बाबा कहते हैं और हर मांगलिक कार्य की शुरुआत उनका पूजन करके ही करते हैं।
प्राचीन परमारकालीन मंदिर
गांव के मध्य में परमारकालीन प्राचीन मंदिर स्थित है। इस मंदिर में रावण बाबा की लगभग 12 फीट लंबी भव्य प्रतिमा विश्राम मुद्रा में विराजमान है। मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम पूर्ण विधि-विधान से आरती और पूजा-अर्चना की जाती है। गांव में जब भी कोई नया वाहन खरीदा जाता है अथवा विवाह या अन्य कोई धार्मिक अनुष्ठान होता है, तो सबसे पहले रावण बाबा का पूजन होता है।
विवाह तय होने पर शादी का पहला निमंत्रण पत्र रावण बाबा को ही अर्पित किया जाता है। इसके बाद प्रतिमा की नाभि में तेल चढ़ाकर ही शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। ग्रामीणों की मान्यता है कि रावण बाबा के आशीर्वाद के बिना कोई भी मांगलिक कार्य निर्विघ्न संपन्न नहीं हो सकता।
खुद को लंकापति का वंशज मानते हैं ग्रामीण
गांव के लोगों का रावण बाबा के प्रति जुड़ाव इतना गहरा है कि यहां के ब्राह्मण परिवार स्वयं को रावण का वंशज मानते हैं। गांव के युवा अपनी गाड़ियों पर जय लंकेश लिखवाते हैं और अपने शरीर पर भगवान लंकेश के चित्र व टैटू बनवाना पसंद करते हैं।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार प्राचीन काल में रावण बाबा ने इसी स्थान पर आकर एक शक्तिशाली दैत्य का घमंड चूर किया था और फिर विश्राम मुद्रा में स्थापित हुए थे। इसी कारण इस गांव की पहचान रावण गांव के रूप में बनी। ग्राम रावण और बमोरी के सरपंच प्रतिनिधि राजेश धाकड़ बताते हैं कि गांव की पहचान इस प्राचीन प्रतिमा से ही है। गांव का कोई भी व्यक्ति न तो रावण दहन देखने बाहर जाता है और न ही गांव में दहन होता है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav