केरल में अटका ब्रिटिश लड़ाकू विमान राज्य के पर्यटन को बढ़ावा दे रहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 02 Jul 2025 09:08 PM
केरल में अटका ब्रिटिश लड़ाकू विमान राज्य के पर्यटन को बढ़ावा दे रहा
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. पिछले महीने ब्रिटिश रॉयल नेवी एफ-35बी लाइटनिंग लड़ाकू विमान के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतरने के बाद, केरल पर्यटन के लिए यह अप्रत्याशित रूप से एक उपहार बन गया है. यह विमान, ब्रिटेन के सबसे उन्नत ‘स्टील्थ’ बेड़े का हिस्सा है, जो अपनी मरम्मत का इंतजार कर रहा है. हालांकि अब, पर्यटन का प्रचार करने के लिए इसकी तस्वीरों का उपयोग किया जा रहा है.

केरल पर्यटन द्वारा अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट किया गया एक नया पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इसमें इस लड़ाकू विमान को नारियल के पेड़ों और हरी-भरी पृष्ठभूमि के साथ दिखाया गया है. एक मजेदार शीर्षक में लिखा हुआ है, ”केरल एक अद्भुत जगह है, मैं इसे छोड़ कर नहीं जाना चाहता. निश्चित रूप से यहां आने को कहूंगा.” इस उद्धरण को मजाकिया अंदाज में ”यूके एफ-35बी” के लिए लिखा गया है. हालांकि, सोशल मीडिया पर चर्चा सिर्फ एक पोस्टर तक ही सीमित नहीं है.

‘एक्स’ पर व्यापक रूप से साझा की गई पोस्ट में, सुमोना चक्रवर्ती नाम के उपयोगकर्ता ने मजाकिया अंदाज में लिखा है, ”अब यह नारियल तेल के बिना चालू नहीं होगा.” केरल में भोजन बनाने में व्यापक रूप से नारियल तेल का इस्तेमाल किया जाता है. ‘एक्स’ पर ‘द चागालाटोका’ हैंडल वाले व्यक्ति ने तो इससे भी आगे बढ़ते हुए टिप्पणी की.

व्यक्ति ने अपना स्वयं का पोस्टर बनाया, जिसमें लड़ाकू विमान को सड़क किनारे चाय की दुकान के बाहर खड़ा दिखाया है–लड़ाकू विमान बना घुमक्कड़–केले के चिप्स का आनंद ले रहा और शीर्षक में लिखा है, ”इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि यह अब जाने से इनकार कर रहा है – भाई को सुकून भरी जगह, ताड़ी और केले के चिप्स मिल गए.” ग्यारह करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक कीमत वाले और दुनिया के सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों में से एक माने जाने वाले इस विमान ने 14 जून को तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की थी. तकनीकी खराबी आने के बाद, यह विमान अभी भी हवाई अड्डे पर ही है और मरम्मत का इंतजार कर रहा है. अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक मरम्मत कार्य के लिए ब्रिटेन से विमानन इंजीनियरों के तिरुवनंतपुरम पहुंचने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu