भूपेश बघेल के बेटे की शराब घोटाला मामले में गिरफ्तारी अवैध : नेता प्रतिपक्ष सिंघार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Jul 2025 08:48 PM
भूपेश बघेल के बेटे की शराब घोटाला मामले में गिरफ्तारी अवैध : नेता प्रतिपक्ष सिंघार
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने 2,100 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को रविवार को ”अवैध” करार दिया. कांग्रेस नेता ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि देशभर में लोगों की आवाज और असंतोष को ‘दबाया’ जा रहा है.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को चैतन्य बघेल को कथित शराब घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया. जांच एजेंसी ने दावा किया है कि उन्होंने घोटाले में 16.70 करोड़ रुपये प्राप्त किए. सिंगार ने कहा, “छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल के बेटे की गिरफ्तारी अवैध और कानून के खिलाफ है. देश भर में लोगों की आवाज और असंतोष को दबाया जा रहा है. भाजपा हमारे नेताओं भूपेश बघेल और राहुल गांधी के परिवारों को परेशान कर रही है.” उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान किया जा रहा है और भाजपा देश में लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है.

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर कटाक्ष करते हुए सिंघार ने कहा कि उन्हें दुबई और स्पेन की आधिकारिक यात्रा के दौरान राज्य के लिए प्राप्त हुए निवेशों के बारे में राज्य विधानसभा को सूचित करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि यादव घूमना पसंद करते हैं, यही वजह है कि उन्होंने मध्यप्रदेश के लिए निवेश आर्किषत करने के बहाने स्पेन और दुबई की यात्रा की.

कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को विधानसभा को बताना चाहिए कि उन्होंने किन स्थानों का दौरा किया और मध्यप्रदेश के लिए उन्होंने कितना निवेश आर्किषत किया. सिंघार ने कहा, “उनकी विदेश यात्रा पर खर्च किया गया धन जनता का पैसा है, लोगों को उनकी यात्रा के खर्च और इसके लाभों के बारे में जानने का अधिकार है.” यादव 13 से 19 जुलाई तक दुबई और स्पेन की आधिकारिक यात्रा पर गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu