इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में तीन विकेट झटके, भारत के तीन विकेट पर 149 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Jul 2025 09:08 PM
इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में तीन विकेट झटके, भारत के तीन विकेट पर 149 रन
ऑडियो सुनें

मैनचेस्टर. इंग्लैंड ने बुधवार को यहां चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन क्रीज पर जमी केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल सलामी जोड़ी को आउट करने के बाद कप्तान शुभमन गिल का विकेट भी झटक लिया जिससे चाय तक भारत का स्कोर तीन विकेट पर 149 रन हो गया. साई सुदर्शन 26 और ऋषभ पंत तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.

सुबह के सत्र में इंग्लैंड कोई विकेट नहीं ले सका लेकिन लंच के तुरंत बाद क्रिस वोक्स को ऑफ-स्टंप लाइन में लगातार गेंदबाजी करने का फायदा मिला. उन्होंने राहुल (98 गेंद में 46 रन) को लेंथ से बाहर जाती गेंद पर तीसरी स्लिप में कैच कराया. सत्र का दूसरा विकेट बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन ने लिया जो आठ साल में अपना पहला टेस्ट खेल रहे हैं, उन्होंने सात गेंद ही डाली थी कि जायसवाल उनका शिकार बन गए.

डॉसन की गेंद ज्यादा नहीं घूमी थी लेकिन जायसवाल (107 गेंद में 58 रन) के बाहरी किनारे से लगकर पहली स्लिप में खड़े क्षेत्ररक्षण के हाथों में पहुंच गई. करुण नायर की जगह खेल रहे साई सुदर्शन शुरुआत में सतर्क रहे, वह मिडिल और लेग स्टंप पर पिच होने वाली गेंदों पर ही रन बना पाए. शीर्ष क्रम के इस युवा बल्लेबाज ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर फ्लिक करके अपना पहला चौका लगाया और फिर कवर पर डॉसन की गेंद पर चौका जड़ दिया.

लीड्स में सुदर्शन के आउट होने के तरीके से प्रेरित होकर इंग्लैंड ने जानबूझकर लेग साइड में गेंद डालने की चाल चली. बेन स्टोक्स लगभग इसी तरह सुदर्शन को आउट कर ही देते लेकिन जैमी स्मिथ ने लेग स्टंप पर एक सामान्य कैच छोड़ दिया जिससे इस भारतीय बल्लेबाज को जीवनदान मिला. तब वह 20 रन पर थे. भारतीय कप्तान गिल (12) ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए. वह स्टोक्स की अंदर आती गेंद को सही तरह से पढ़ नहीं सके और पगबाधा आउट हुए.

सुबह के सत्र में जायसवाल भी क्रिस वोक्स के मुश्किल स्पेल से बचे जबकि राहुल ने हमेशा की तरह मजबूत बल्लेबाजी की जिससे भारत ने लंच तक बिना किसी नुकसान के 78 रन बना लिए. ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली टीम कभी नहीं जीती है लेकिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने बादलों के बावजूद सुबह इस आंकड़े को नजरअंदाज किया. गेंद घूम रही थी लेकिन रफ्तार की कमी के कारण भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने आसानी से पुल शॉट खेले.

वोक्स ने दोनों, विशेषकर जायसवाल के लिए मुश्किलें खड़ी की जिन्हें इंग्लैंड के इस तेज गेंदबाज. ने कई मौकों पर परेशान किया.
वोक्स के आठ ओवर के स्पेल में राहुल ने दो बार पुल शॉट लगाए जबकि जायसवाल ने उन पर स्क्वायर के सामने शॉट लगाया.
राहुल ने वोक्स की गेंद पर शानदार ड्राइव खेलकर इंग्लैंड में 1000 रन पूरे किए जो इस श्रृंखला में शीर्ष क्रम में उनके शानदार प्रदर्शन का प्रमाण है.

लॉर्ड्स में जायसवाल को जोफ्रा आर्चर ने दो बार आउट किया था इसलिए भारतीय सलामी बल्लेबाज ने उनकी गेंदों को छोड़ने का प्रयास किया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को अपना बल्ला भी बदलना पड़ा क्योंकि वोक्स की ‘राउंड द विकेट’ से एक गेंद उनके बल्ले से ऊपर लगी जिससे हैंडल टूट गया. दोनों सलामी बल्लेबाज पहले घंटे तक संभलकर खेले जिससे भारत ने 14 ओवर में बिना किसी नुकसान के 42 रन बना लिए.

सत्र के अंत में आर्चर ने अपने दूसरे स्पेल में जायसवाल को एक तेज बाउंसर फेंकी जिस पर उन्होंने थर्ड मैन की ओर चौका जड़ दिया. हालांकि वह शॉट खेलने के बाद जमीन पर गिर गए. स्टोक्स की गेंद पर दो कट शॉट लगाकर जायसवाल ने 30 रन पूरे किए. इसमें से दूसरा शॉट थर्ड मैन के ऊपर से छक्का था.

गिल ने सुबह करुण नायर की जगह साई सुदर्शन को मैदान पर उतारा. अंशुल कंबोज को पर्दापण कराया. कंबोज और शारदुल ठाकुर को क्रमश: चोटिल आकाश दीप और नीतिश रेड्डी की जगह शामिल किया गया. इंग्लैंड ने भी एक बदलाव करते हुए लार्ड्स में तीसरे टेस्ट के दौरान चोटिल हुए शोएब बशीर की जगह स्पिनर लियान डॉसन को टीम में जगह दी. इंग्लैंड पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 से आगे है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu