प्रधानमंत्री मोदी दो अगस्त को 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ रुपये की पीएम-किसान की 20वीं किस्त जारी करेंगे

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 30 Jul 2025 03:07 PM
प्रधानमंत्री मोदी दो अगस्त को 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ रुपये की पीएम-किसान की 20वीं किस्त जारी करेंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 20,500 करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 20वीं किस्त दो अगस्त को जारी करेंगे। इससे देशभर के 9.7 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे।

सरकार की प्रमुख प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना 2019 में पेश की गई थी। अबतक इस कार्यक्रम के तहत 19 किस्तों के माध्यम से 3.69 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में डाले जा चुके हैं। कृषि मंत्रालय ने मंगलवार को बयान में कहा, ‘‘ पीएम-किसान की अगली किस्त दो अगस्त को जारी की जाएगी। 20वीं किस्त में 9.7 करोड़ किसानों को करीब 20,500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया जाएगा।’’

प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान इस किस्त को जारी करेंगे।
कृषि मंत्री शिवराज ंिसह चौहान ने इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए नयी दिल्ली स्थित कृषि भवन में एक तैयारी बैठक की। बैठक में कृषि सचिव देवेश चतुर्वेदी, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट और कृषि मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसानों को 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सालाना 6,000 रुपये मिलते हैं जो सीधे उनके बैंक खातों में डाले जाते हैं। इस पहल का उद्देश्य कृषि योग्य भूमि रखने वाले छोटे और सीमांत कृषक परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

किसानों को 20वीं किस्त प्राप्त करने के लिए अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका ‘आधार’ उनके बैंक खाते से जुड़ा हो और सटीक भूमि रिकॉर्ड कायम हो। यह योजना सरकार की प्रमुख कल्याणकारी पहल में से एक बनकर उभरी है। यह ग्रामीण भारत में कृषक परिवारों को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital