अगले लोकसभा चुनाव में हम राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे: तेजस्वी

नवादा. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बिहार के लोगों का आह्वान किया कि अगले लोकसभा चुनाव में वे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएं. नवादा में कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तीसरे दिन एक रैली को संबोधित करते हुए यादव ने युवाओं से इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया.

उन्होंने कहा, ”बिहार में राजग सरकार को उखाड़ फेंकना है. आगे जब भी लोकसभा चुनाव होगा, हम लोग राहुल गांधी जी को प्रधानमंत्री बनाएंगे.” यादव ने यहां ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी की मौजूदगी में यह टिप्पणी की. गांधी के साथ यादव और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेता भी यात्रा में शामिल हुए. एक पखवाड़े की यह यात्रा रविवार को शुरू हुई थी. इस राज्यव्यापी यात्रा को शुरू करने वाले गांधी को राजद नेता ने ऐसा व्यक्ति बताया जिसने ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रातों की नींद हराम” कर दी है.

भीड़ की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच यादव ने कहा, ”आगामी विधानसभा चुनाव में हमें राज्य में राजग की 20 साल की ”खटारा सरकार” को उखाड़ फेंकना है और आगे जब भी लोकसभा चुनाव होगा हम लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे.” खुले वाहन के ऊपर हाथ में माइक लिए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”नए बिहार के लिए हमारे पास नजरिया है.” इस वाहन में राहुल गांधी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी और कांग्रेस की बिहार इकाई के प्रमुख राजेश कुमार भी सवार थे.

विधानसभा में विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, ”हमारे चाचा (नीतीश कुमार) अब अचेत अवस्था में हैं और उनसे अब बिहार संभल नहीं रहा है. उनकी सरकार नकलची बन गई है. मैंने मुफ्त बिजली, अधिवास नीति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में बढ़ोतरी और युवा आयोग की स्थापना का वादा किया था.” उन्होंने कहा, ”राज्य सरकार ने इन्हें नयी योजनाओं के रूप में पेश किया. वह राज्य की बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई सुविधाओं और जवाबदेही की जरूरतों से बेखबर रही है.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा, ”उन्होंने बिहार के लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने के लिए निर्वाचन आयोग के साथ सांठगांठ की है.”

उन्होंने कहा कि कई जीवित लोगों का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. राजद नेता ने दावा किया कि भाजपा के लोग निर्वाचन आयोग से मिलकर गरीबों के वोट का अधिकार छीन रहे हैं.
यादव ने दोहराया कि बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) लोगों के मताधिकार को छीनने की एक कवायद है.

उन्होंने आरोप लगाया, ”एसआईआर वोट की डकैती है और हम ऐसा नहीं होने देंगे. यह बिहार में मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की सत्तारूढ़ सरकार की साजिश है.” यादव (35) ने कहा, ”निर्वाचन आयोग और भाजपा के लोग समझते हैं कि बिहार के लोगों को चूना लगा देंगे. लेकिन मोदी जी भी जानते हैं कि हम बिहार लोग चूना को खैनी में रगड़ देते हैं.” राजद नेता ने कहा, ”अब बिहार को तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ना है, विकास करना है. हम लोग नौजवान हैं, हमारे पास नजरिया है.” यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर वह सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे और बिहार का मान-सम्मान बढ़ाएंगे. ‘वोटर अधिकार यात्रा’ नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, सुपौल, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, छपरा और आरा से होकर गुजरेगी और एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button