लखनऊ में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के कारण दो लोगों की मौत, पांच अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Aug 2025 08:26 PM
लखनऊ में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के कारण दो लोगों की मौत, पांच अन्य घायल
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में रविवार को एक घर में संचालित की जा रही पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के कारण कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया, ”विस्फोट उस घर में हुआ जहां पटाखा फैक्टरी संचालित की जा रही थी. इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हुए हैं.” मृतकों की पहचान आलम (50) और उसकी पत्नी मुन्नी (48) के रूप में हुई है.
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह घटना दोपहर करीब 12 बजे गुडंबा के बेहटा इलाके में हुई.

विस्फोट के बाद भवन की छत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे पांच अन्य लोग मलबे में दब गए. घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है. घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. एसीपी ने कहा, ”दमकल विभाग, एम्बुलेंस और स्थानीय पुलिस सहित बचाव दल घटनास्थल पर बचाव कार्य कर रहे हैं.” राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी राहत कार्य में मदद के लिए मौके पर पहुंच गई है.
एक सवाल के जवाब में लखनऊ पूर्व के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक सिंह ने पत्रकारों से कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि फैक्टरी अवैध थी या वैध.

उन्होंने कहा, “हम इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि अंदर किस तरह की ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री या पदार्थ रखे गए थे.” वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं तथा यह सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu