दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ के हालात, खतरे के निशान के पार यमुना; NDRF तैनात

नई दिल्ली:सितंबर में बारिश और मौसमी दशाओं को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी सच साबित होती दिख रही है। उत्तर भारत में सितंबर की शुरुआत भीगी-भीगी रही है। यहां राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बीते दो दिनों से बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दूसरी तरफ उत्तर भारत के कुछ और राज्यों में भी स्थितियां बिगड़ी हैं। मौसम विभाग इन क्षेत्रों में बारिश को लेकर रेड और यलो अलर्ट जारी कर रहा है।

मौसम विभाग ने उत्तर भारत में और बारिश की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है। IMD द्वारा जारी चेतावनियों के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में फिर से भारी बारिश का अनुमान है। नोएडा और गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में और बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात

भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण यमुना बाजार के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। यमुना बाजार इलाके में NDRF की टीम तैनात है।

कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि यहां पर तकरीबन 5-6 फीट पानी है। निचले इलाकों के घरों से लोगों को निकाल लिया गया है। अभी कुछ लोग और भी हैं जिन्हें बोला गया है कि सुरक्षित जगहों पर आ जाएं। कल रात से ही टीम यहां तैनात है। हम हर प्रकार की स्थिति के लिए तैयार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button