छग की बेटी ने रचा इतिहास, महिला आईटीआई भिलाई की प्रशिक्षार्थी उमा देश में प्रथम स्थान पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Sep 2025 07:11 PM
छग की बेटी ने रचा इतिहास, महिला आईटीआई भिलाई की प्रशिक्षार्थी उमा देश में प्रथम स्थान पर
ऑडियो सुनें

रायपुर. महिला आईटीआई भिलाई की स्टेनोग्राफी एंड सेक्रेट्रियल असिस्टेंट (हिंदी) ट्रेड की प्रशिक्षणार्थी उमा ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित परीक्षा में देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है. उमा ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय कौशल विकास के प्रति समर्पण एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण को दिया है.

भारत के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय द्वारा दिनांक 24 सितंबर 2025 को विभिन्न ट्रेड्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 35 प्रशिक्षणार्थियों की सूची जारी की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ से स्थान बनाने वाली इकलौती प्रशिक्षणार्थी उमा हैं. अपने ट्रेड में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त कर उन्होंने राज्य को गौरवान्वित किया है. इन 35 मेधावी छात्रों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगामी 02 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित चौथे कौशल दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया जाएगा.

छत्तीसगढ़ में कौशल विकास की नई ऊँचाइयाँ

छत्तीसगढ़ राज्य अपनी स्थापना का रजत महोत्सव वर्ष मना रहा है. इस अवसर पर युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं. रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के संचालक विजय दयाराम के. ने कार्यभार संभालते ही प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं.

उमा की सफलता यह साबित करती है कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं. दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक आर. बी. तिवारी और संस्था के प्राचार्य टी. के. सातपुते ने उमा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है तथा इसका श्रेय विभाग के संचालक विजय दयाराम के. के मार्गदर्शन और नेतृत्व को दिया है. यह सफलता न केवल उमा के अथक परिश्रम और प्रतिभा की पहचान है, बल्कि छत्तीसगढ़ के कौशल विकास प्रयासों की भी उपलब्धि है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu