भाजपा राज में सामंतवादी ताकतों के हौसले ब­ढ़े, दलितों पर ब­ढ़ रहा अत्याचार : अखिलेश

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन में सामंतवादी ताकतों का मनोबल ब­ढ़ा हुआ है और दलितों पर अत्याचार की घटनाएं ब­ढ़ती ही जा रही हैं.

यादव ने यहां एक बयान में कहा कि रायबरेली में एक दलित नौजवान की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी जबकि लखनऊ के काकोरी में दलित समाज के बुजुर्ग पर पेशाब करने का आरोप लगाकर उसे जबरन चटवाने जैसी अपमानजनक घटना हुई. उन्होंने कहा कि यह तो सिर्फ बानगी हैं, उत्तर प्रदेश में हर दिन ऐसी न जाने कितनी घटनाएं हो रही है तथा पुलिस-प्रशासन ऐसी घटनाओं पर मूकदर्शक बना रहता है.

उन्होंने कहा, ”भाजपा सरकार में दलितों पर अन्याय और अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. इस सरकार में सामंती ताकतों का मनोबल बढ़ा हुआ है. अपराधियों और सामंतवादियों को भाजपा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है. हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है. सत्ता समर्थक पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों) को तरह-तरह से अपमानित कर रहे हैं. भाजपा सरकार पीडीए की नौकरी, आरक्षण और हक छीन रही है.”

यादव ने सत्ता के दबाव में पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं करने का दावा करते हुए कहा कि इस सरकार का अहंकार चरम पर है, वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही है तथा पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है. सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए समाज भाजपा और उसकी सरकार के अन्याय, अत्याचार को देख रहा है एवं जनता एकजुट होकर 2027 में भाजपा सरकार को हटाने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जायेगी तभी दलितों, पिछड़ों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों को न्याय मिलेगा, तभी भेदभाव खत्म होगा और नौकरी, आरक्षण मिलेगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button