बाहर की जेलों में बंद कश्मीरी कैदियों का तबादला स्थानीय कारावासों में करने का आग्रह

श्रीनगर: कुलगाम से माकपा विधायक एम वाई तारिगामी ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर सरकार से आग्रह किया कि केंद्र शासित प्रदेश के बाहर की जेलों में बंद कश्मीरी कैदियों को यहां की जेलों में स्थानांतरित किया जाए। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए तारिगामी ने कहा कि डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी के प्रमुख शब्बीर शाह सहित जम्मू-कश्मीर के बंदियों को केंद्र शासित प्रदेश की जेलों में स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “यह एक बुनियादी मानवाधिकार है जिसे सार्वभौमिक रूप से स्वीकार किया जाता है।” मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक ने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर में पर्याप्त जेल नहीं हैं, तो “इस कमी को दूर किया जाना चाहिए”। उन्होंने कहा, “(इन कैदियों के) परिवार पीड़ित हैं। यह मांग उन लोगों तक पहुंचनी चाहिए जिनके पास निर्णय लेने का अधिकार है।” हंदवाड़ा से पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के विधायक सज्जाद लोन ने भी मांग की कि ऐसे कैदियों को जम्मू-कश्मीर की जेलों में स्थानांतरित किया जाए।

उन्होंने कहा, “शब्बीर शाह की हालत इतनी खराब है कि वह खड़े भी नहीं हो पा रहे हैं। अगर यह विधानसभा जम्मू-कश्मीर के लोगों की दुर्दशा पर आंखें मूंदे बैठी रहेगी, तो इस विधानसभा का क्या फायदा है।” हंदवाड़ा के विधायक ने कहा कि वह समझते हैं कि गृह विभाग इस विधानसभा के दायरे में नहीं आता है, “लेकिन हम कैदियों के मुद्दे पर गृह मंत्रालय को अपनी ंिचताएं बता सकते हैं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button