
संत कबीर नगर/इंदौर. उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस्लामी शिक्षा को बढ़ावा देने के नाम पर अवैध रूप से विदेशी धन इकट्ठा करने के आरोप में ब्रिटिश नागरिक शम्स-उल-होदा खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की लिखित शिकायत पर रविवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज की गई.
कोतवाली थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने कहा, “जिला अल्पसंख्यक अधिकारी की अवैध विदेशी वित्त पोषण संबंधी गतिविधियों का आरोप लगाने वाली रिपोर्ट के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई.” जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के अनुसार, संत कबीर नगर जिले में दुधरा थाना क्षेत्र के देवरिया लाला गांव के मूल निवासी खान, आज़मगढ़ में एक सरकारी सहायता प्राप्त मदरसे में शिक्षक थे. बताया जाता है कि वह 2007 में ब्रिटेन चले गये और 2013 में उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता प्राप्त कर ली.
इस अवधि के दौरान, विदेशी नागरिक होने के बावजूद, खान ने कथित तौर पर एक ग़ैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) और दो मदरसों की स्थापना की. इन मदरसों में से एक खलीलाबाद में और दूसरा आज़मगढ़ जिले में है. अधिकारी ने कहा कि एनजीओ और दोनों मदरसों के पंजीकरण को रद्द करने के लिए उच्च अधिकारियों को सिफारिश भी भेजी गई है. पुलिस अधिकारी पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
‘षड्यंत्र का केंद्र’ बन गए कई मदरसे, इनके व्यवस्थापन के लिए कड़े नियम बनाने की जरूरत: विजयवर्गीय
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को कहा कि कई मदरसे श्रद्धा के केंद्र से षड्यंत्र के केंद्र में तब्दील हो गए हैं और राज्य सरकार को इन शैक्षणिक संस्थानों के व्यवस्थापन के लिए कड़े नियम बनाने चाहिए. उन्होंने खंडवा जिले के एक मदरसे से पुलिस द्वारा 19 लाख रुपये से अधिक के जाली नोट बरामद किए जाने के एक दिन बाद यह बात कही.
विजयवर्गीय ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इस मदरसे से जाली नोट मिलने की घटना डरावनी है और दूसरे कई मदरसों के संचालन के बारे में भी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं. उन्होंने कहा, ”कई मदरसे पहले निश्चित रूप से श्रद्धा के केंद्र हुआ करते थे, पर अब ये षड्यंत्र के केंद्र बन गए हैं.” विजयवर्गीय ने दावा किया कि मदरसों में कई ”बाहरी लोग” आकर विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के बजाय ”अलगाववाद” पैदा कर रहे हैं और ”अवैध गतिविधियों” का संचालन कर रहे हैं.
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से अनुरोध किया कि राज्य में मदरसों के व्यवस्थापन के लिए कड़े नियम बनाए जाने चाहिए.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खंडवा जिले के पैठिया गांव के मदरसे में इमाम जुबेर अंसारी (33) के कमरे की तलाशी में रविवार को 19 लाख रुपये से अधिक के जाली नोट बरामद किए गए थे. अधिकारी ने बताया कि अंसारी और उसके एक साथी को महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में हाल में गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से 10 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए गए थे.



