फिट होकर पंत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला के लिये टेस्ट टीम में वापसी, शमी को जगह नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 05 Nov 2025 07:29 PM
फिट होकर पंत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला के लिये टेस्ट टीम में वापसी, शमी को जगह नहीं

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने पैर के फ्रेक्चर से उबरकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो मैचों की घरेलू श्रृंखला के लिये भारतीय टेस्ट टीम में वापसी की जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे .
पंत को जुलाई में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान चोट लगी थी और वह वेस्टइंडीज के खिलाफ अगली श्रृंखला नहीं खेल सके थे .

उन्होंने हाल ही में बेंगलुरू में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए टीम की कप्तानी की और दूसरी पारी में 90 रन बनाये . शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम में उन्होंने एन जगदीशन की जगह ली . बंगाल के लिये तीन रणजी मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले शमी को टीम में जगह नहीं मिल सकी है . पैतीस वर्ष के शमी ने उत्तराखंड और गुजरात के खिलाफ बंगाल की जीत में अहम भूमिका निभाते हुए तीन मैचों में 93 ओवर डालकर 15 से अधिक विकेट लिये .

चयनकर्ताओं को शायद लगा होगा कि अब वह टेस्ट क्रिकेट में लंबे स्पैल नहीं डाल सकेंगे चूंकि घरेलू क्रिकेट में भी स्पैल के बीच उन्होंने ब्रेक लिये . दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के बाद अगले छह महीने भारत को टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलना है जिसे देखकर लगता है कि शमी के लिये दरवाजे बंद हो चुके हैं .

बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने भी कंधे की चोट से उबरकर वापसी की है . उन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी के जरिये प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की . वह भारत ए टीम का भी हिस्सा हैं जो बृहस्पतिवार से बेंगलुरू में शुरू हो रहे दूसरे चार दिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका ए से खेलेगी .

भारत के पास तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज हैं जबकि स्पिन की कमान रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर के पास होगी . पहला टेस्ट कोलकाता में 14 नवंबर से और दूसरा गुवाहाटी में 22 नवंबर से खेला जायेगा . चयनकर्ताओं ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के लिये भारत ए वनडे टीम की भी घोषणा की है जिसमे तिलक वर्मा को कप्तान बनाया गया है . ये मैच 13, 16 और 19 नवंबर को राजकोट में होंगे .

भारतीय टेस्ट टीम :
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साइ सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतिश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप .

भारत ए वनडे टीम :
तिलक वर्मा (कप्तान), रूतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रियान पराग, ईशान किशन, आयुष बडोनी, निशांत सिंधू, विपराज निगम, मानव सुतार, र्हिषत राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद, प्रभसिमरन सिंह .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu