गोवा: क्लब के मालिक का हादसे के बाद पहला बयान, लिखा- लोगों की मौत से हिल गया हूं; घटना के बाद से ही फरार

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 08 Dec 2025 01:59 PM
गोवा: क्लब के मालिक का हादसे के बाद पहला बयान, लिखा- लोगों की मौत से हिल गया हूं; घटना के बाद से ही फरार
ऑडियो सुनें

गोवा: रविवार रात गोवा के एक नाइट क्लब में लगी आग और उसमें 25 लोगों की मौत पर अब नाइट क्लब के मालिक सौरभ लूथरा का पहला बयान सामने आया है, जिसमें कहा गया है कि हादसे में लोगों की मौत के बाद से वह हिल गया है। गौरतलब है कि सौरभ हादसे के बाद से ही फरार है। गोवा पुलिस की एक टीम रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हुई, ताकि क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की तलाश की जा सके, जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सौरभ लूथरा ने जारी किया पहला बयान
इस बीच सौरभ लूथरा ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा, ‘नाइट क्लब प्रबंधन इस त्रासदी पर दुखी है और पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है। दुख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं। प्रबंधन पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाएगा।’

गोवा में कम ही दिखता है सौरभ
सौरभ लूथरा की लिंक्डइन प्रोफाइल में उसे ‘चैयरमैन एट रोमियो लेन, बिर्क’ लिखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरभ लूथरा कम ही गोवा में दिखाई देता है और विभिन्न कानूनी मामलों में भी वह अपनी जगह अपने प्रतिनिधियों को ही भेजता है। क्लब के स्टाफ ने भी बताया कि क्लब का मालिक कम ही दिखाई देता है और वह एक महीने में एक बार ही नाइटक्लब आता है और कर्मचारियों से भी बेहद कम बात करता है। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में पुलिस ने क्लब के मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक (49 वर्षीय, निवासी आर.के. पुरम, नई दिल्ली), महाप्रबंधक विवेक सिंह (27 वर्षीय, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश), बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया (32 वर्षीय, निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश) और गेट प्रबंधक प्रियांशु ठाकुर (32 वर्षीय, निवासी मालवीय नगर, नई दिल्ली) को गिरफ्तार किया है।

जांच में मिली कई खामियां
जांच में पता चला है कि नाइट क्लब में कई खामियों और अवैध निर्माण की बात सामने आ रही है।साथ ही नाइट क्लब में आग से बचाव के नियमों का भी उल्लंघन किया गया और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया। नाइट क्लब के एंट्री और एग्जिट गेट बेहद संकरे थे, जिससे लोग भाग नहीं सके और भीड़ में फंसकर हादसे का शिकार हो गए। नाइट क्लब बैकवाटर में बना है और एक पतले रास्ते से जमीन से जुड़ा था। जिसके चलते आग पर काबू पाने में मुश्किल हुई और नुकसान ज्यादा हुआ। हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25 हो गया है। जिनमें 14 नाइट क्लब के स्टाफ, चार पर्यटक शामिल हैं। सात अन्य शामिल हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital