अदालत ने फिल्मकार विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

उदयपुर. यहां की एक अदालत ने 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार फिल्मकार विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी को मंगलवार को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने इस दंपति को सात दिसंबर को मुंबई से गिरफ्तार किया था और वह इन्हें सोमवार देर रात उदयपुर लाई. दोनों को मंगलवार दोपहर यहां की एक अदालत में पेश किया गया.

लोक अभियोजक ने कहा कि पुलिस ने अदालत में दलील दी कि भट्ट के मुंबई कार्यालय से बिल, दूसरे दस्तावेज तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद करने हैं. इसके आधार पर अदालत ने भट्ट और उनकी पत्नी को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. उन्हें 16 दिसंबर को फिर अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस उपाधीक्षक छगन राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम मुंबई गई और सात दिसंबर को भट्ट व उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया. उन्हें ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर उदयपुर लाया गया.

उल्लेखनीय है कि यह गिरफ्तारी डॉ. अजय मुर्डिया द्वारा दर्ज करवाई गई प्राथमिकी के आधार पर की गई है. मुर्डिया ने भट्ट दंपति और छह अन्य लोगों पर उनकी दिवंगत पत्नी पर बायोपिक समेत कई फिल्में बनाने के बहाने 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने का आरोप लगाया था.

उन्होंने प्राथमिकी में कहा कि वह एक संगीत समूह के माध्यम से दिनेश कटारिया के संपर्क में आए, जिसने दावा किया कि उसके मुंबई फिल्म उद्योग में अच्छे संबंध हैं. वह अप्रैल 2024 में मुंबई के एक स्टूडियो गए, जहां कटारिया ने उनका परिचय भट्ट से कराया. उन्होंने कहा, “निर्देशक ने कथित तौर पर उन्हें आश्वासन दिया कि वह पूरी फिल्म निर्माण प्रक्रिया संभालेंगे और उन्हें धन भेजते रहने के लिए कहा.” डॉ. मुर्डिया ने आरोप लगाया कि यह धोखाधड़ी 30 करोड़ रुपये से ज्Þयादा की है. पुलिस ने कहा कि यह धोखाधड़ी आरोपियों द्वारा बनाए गए नकली बिल के जरिए की गई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button