प्रधानमंत्री मोदी ने असम दौरे पर भारतीय इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश किया: गोगोई ने लगाया आरोप

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 22 Dec 2025 03:08 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने असम दौरे पर भारतीय इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश किया: गोगोई ने लगाया आरोप
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस पूर्वोत्तर राज्य के अपने दौरे पर भारतीय इतिहास से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ‘‘प्रधानमंत्री ने गायक जुबिन गर्ग को कोई श्रद्धांजलि नहीं दी जबकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।’’

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी दो दिनों के लिए असम में थे और उन्होंने कई मौकों पर राज्य के लोगों को संबोधित किया। जैसा कि अपेक्षित था, उनके भाषणों का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस पार्टी पर हमला करना और भारतीय इतिहास से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना था।’’

गोगोई ने यह बयान प्रधानमंत्री के उस दावे के संदर्भ में दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि असम को पूर्वी पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की साजिश रची गई थी और कांग्रेस भी इसका हिस्सा बनने वाली थी। मोदी ने कहा था कि आजादी से पहले जब मुस्लिम लीग और ब्रिटिश सरकार भारत के विभाजन की जमीन तैयार कर रही थीं तब असम को पूर्वी पाकिस्तान का हिस्सा बनाने की साजिश रची गई थी।

गोगोई ने दावा किया कि ऐसा प्रतीत होता है कि असम के लोगों का दर्द और दुख प्रधानमंत्री को दिखायी नहीं देता क्योंकि उन्होंने गर्ग को कोई श्रद्धांजलि नहीं दी। कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री मोदी ने दिवंगत जुबिन गर्ग को कोई श्रद्धांजलि नहीं दी। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने न तो जुबिन गर्ग के परिवार से मुलाकात की और न ही राज्य में मौजूद लाखों जुबिन प्रशंसकों के प्रति सहानुभूति के कोई शब्द कहे। ऐसा लगता है मानो असम के लोगों का दर्द और दुख प्रधानमंत्री मोदी को दिखायी नहीं देता।’’

गोगोई ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ‘‘चकाचौंध, कैमरे और सुनियोजित समारोहों’’ में इतने मग्न थे कि उनके लिए लोग सिर्फ ‘चीयरलीडर’ बनकर रह गए और उन्होंने लोगों की भावनाओं की भी परवाह नहीं की। उन्होंने दावा किया कि मणिपुर की जनता भी यही महसूस करती है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘जब प्रधानमंत्री ने मणिपुर का दौरा किया तो मणिपुर के युवाओं को ऐसा लगा मानो वे किसी नाटक में सिर्फ मोहरे हों। एक ऐसा नाटक जिसमें प्रधानमंत्री मोदी निर्देशक, निर्माता, तकनीशियन और ज़ाहिर तौर पर मुख्य अभिनेता हैं।’’

गोगोई ने कहा कि दूसरी ओर राहुल गांधी ने असम दौरे के दौरान ‘जुबिन क्षेत्र’ में गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की, गायक के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और ‘‘न्याय की मांग’’ की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा, ‘‘पूर्वोत्तर न तो कोई नारा है और न ही नागपुर के लोगों के लिए कोई प्रयोगशाला।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने गत सप्ताहांत में इस राज्य का दौरा किया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital