प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ने कार निकोबार वायुसेना अड्डे पर उन्नत हवाई पट्टी का उद्घाटन किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 02 Jan 2026 02:39 PM
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ने कार निकोबार वायुसेना अड्डे पर उन्नत हवाई पट्टी का उद्घाटन किया
ऑडियो सुनें

श्री विजयपुरम: प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शुक्रवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारतीय वायु सेना के कार निकोबार वायुसेना अड्डे पर पुन:निर्मित एवं उन्नत हवाई पट्टी का उद्घाटन किया। सीडीएस सुबह करीब साढ़े 11 बजे कार निकोबार द्वीप पहुंचे, जहां अंडमान और निकोबार कमान (एएनसी) के कमांडर-इन-चीफ वाइस एडमिरल अजय कोचर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

अधिकारी ने बताया कि कार निकोबार वायुसेना अड्डे पर हवाई पट्टी के उन्नयन का कार्य पूरा कर लिया गया है। श्री विजयपुरम से लगभग 535 किलोमीटर दूर स्थित निकोबार जिले का कार निकोबार द्वीप 2004 की सुनामी के दौरान सबसे अधिक प्रभावित हुआ था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्नत हवाई पट्टी पूर्वी मोर्चे को और अधिक मजबूती देगी, क्योंकि इससे मलक्का जलडमरूमध्य पर सीधी रणनीतिक निगरानी की जा सकेगी। मलक्का जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय व्यापार और जहाजों के माध्यम से ऊर्जा से जुड़ी आपूर्ति के लिए एक प्रमुख वैश्विक समुद्री मार्ग है।

इससे भारतीय वायु सेना की त्वरित हवाई अभियान शुरू करने की क्षमता में भी वृद्धि होगी।’’ उन्होंने बताया कि विमानों की सुचारू आवाजाही के लिए हवाई पट्टी का विस्तार किया गया है और यह सुविधा भारतीय वायु सेना को ‘लॉन्ग रेंज फायंिरग अभ्यासों’ में भी मदद करेगी। कमान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीडीएस की यह यात्रा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के रणनीतिक महत्व, ‘एक्ट ईस्ट’ नीति पर ध्यान केंद्रित होने और क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को रेखांकित करती है। उन्होंने बताया कि सीडीएस एक भंडारण सुविधा का भी उद्घाटन करेंगे और सुनामी स्मारक का दौरा भी करेंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital