थाईलैंड के फुकेट में टला बड़ा हादसा: एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 11 Mar 2026 03:29 PM
थाईलैंड के फुकेट में टला बड़ा हादसा: एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
ऑडियो सुनें

थाईलैंड: थाईलैंड के फुकेट हवाई अड्डे पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान- AXB938 ने हैदराबाद से उड़ान भरी थी। विमान निर्धारित समय से पहले फुकेट हवाई अड्डे पर पहुंचा और लैंडिंग के समय खराबी आ गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान के लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान की लैंडिंग का निर्धारित समय 11:40 बजे था, लेकिन यह 11:24 बजे ही उतार लिया गया। विमान में चालक दल के सात सदस्य, 131 यात्री और दो शिशु सवार थे।

विमान की लैंडिंग के बाद लैंडिंग गियर में खराबी
जिस विमान में खराबी आई है, इसका निर्माण बोइंग कंपनी ने किया है। बोइंग के 737-800 मॉडल के इस विमान की पंजीकरण संख्या VT-BWQ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान की हार्ड लैंडिंग होने के कारण लैंडिंग गियर के साथ-साथ सामने वाले हिस्से में भी नुकसान पहुंचा है। नुकसान के कारण विमान को तुरंत रनवे से हटाया नहीं जा सका है। हार्ड लैंडिंग के समय विमान की गति तेज थी। राहत की बात ये रही कि विमान में सवार किसी को भी चोट नहीं लगी है। तकनीकी खराबी के बावजूद, सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

क्या होती है विमान की हार्ड लैंडिंग?
जहां सामान्य लैंडिंग के दौरान विमान की गति और जमीन से टकराने के दौरान लगने वाला दबाव एयरक्राफ्ट के डिजाइन के अनुकूल होता है तो वहीं हार्ड लैंडिंग के दौरान इसकी रफ्तार और जमीन से टकराव ज्यादा तेज और शक्तिशाली होता है। इस स्थिति में एयरक्राफ्ट का डिजाइन जमीन से टकराने के बाद दबाव को झेल नहीं पाता और इसकी बॉडी को नुकसान पहुंचता है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav