अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पत्नी संग किया ताज का दीदार, जानें विजिटर बुक में क्या लिखा

आगरा: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को अपनी पत्नी जीनत रूबियो के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल पहुंचे। भीषण गर्मी के बीच हुए इस दौरे में उन्होंने मुगलकालीन इस ऐतिहासिक स्मारक की खूबसूरती की जमकर सराहना की और इसे ‘दुनिया के प्रेम के अनमोल खजानों में से एक’ बताया।

मार्को रूबियो भारत के चार दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह विशेष विमान से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार से ताजमहल के पूर्वी गेट के पास स्थित होटल तक पहुंचे और फिर गोल्फ कार्ट के जरिए स्मारक परिसर में दाखिल हुए। उनके साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।

ताजमहल भ्रमण के दौरान रूबियो करीब एक घंटे तक स्मारक परिसर में रहे। उन्होंने ताजमहल की वास्तुकला, संगमरमर की बारीक नक्काशी और इसके ऐतिहासिक महत्व को करीब से देखा। विजिटर बुक में उन्होंने लिखा, “दुनिया के प्रेम के सबसे खूबसूरत खजानों में से एक को देखने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।” अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी रूबियो दंपती के साथ यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल पर तस्वीर खिंचवाई।

विदेश मंत्री के दौरे को लेकर ताजमहल परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए स्मारक परिसर में मौजूद पर्यटकों को बाहर जाने के लिए कहा गया था।

आगरा दौरे के बाद मार्को रूबियो जयपुर जाएंगे और मंगलवार सुबह नई दिल्ली लौटेंगे, जहां वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button