आतंकवाद-रोधी अभियान शीर्ष प्राथमिकता: कश्मीर के नए पुलिस प्रमुख सुजीत कुमार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 28 Aug 2026 05:27 PM
आतंकवाद-रोधी अभियान शीर्ष प्राथमिकता: कश्मीर के नए पुलिस प्रमुख सुजीत कुमार
ऑडियो सुनें

श्रीनगर: कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) का पदभार संभालने के एक दिन बाद सुजीत कुमार ने शुक्रवार को कहा कि आतंकवाद-रोधी अभियान पुलिस बल की शीर्ष प्राथमिकता बने रहेंगे। आतंकवादी संगठनों को साजो-सामान, शरण और गोपनीय जानकारी देकर मदद करने वाले मददगारों की गिरफ्तारी तथा भारी मात्रा में बरामदगी के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने हजरतबल में पत्रकारों से कहा, ”अभियान पहले भी हमारी शीर्ष प्राथमिकता थे और अब भी हमारी शीर्ष प्राथमिकता बने रहेंगे।” कश्मीर घाटी के नये पुलिस प्रमुख ईद मिलाद-उन-नबी के बाद पड़ने वाले जुमे (शुक्रवार) के अवसर पर सुरक्षा बलों और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की समीक्षा करने के लिए प्रसिद्ध हजरतबल दरगाह पहुंचे थे।

आईजीपी सुजीत कुमार ने कहा, ”मैंने बृहस्पतिवार को पदभार ग्रहण किया था और शुक्रवार को हम अपनी पुलिस टीम की तैनाती का निरीक्षण करने तथा अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए यहां आए हैं। इसी तरह, हम श्रीनगर के उन अन्य हिस्सों का भी दौरा कर समीक्षा कर रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र होते हैं।” नये आईजीपी ने कश्मीर के लोगों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें आश्वासन दिया कि कश्मीर क्षेत्र की पुलिस हमेशा उनके साथ है।
उन्होंने कहा, ”हम हर मामले में जनता के सहयोग की भी अपील करते हैं।’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav