
आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 का शानदार आगाज हो गया है। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित भव्य ओपनिंग सेरेमनी में पूरे एशिया के खिलाड़ी और अधिकारी एक मंच पर नजर आए। इसी दौरान भारतीय दल ने भी पूरे जोश और गर्व के साथ मार्च किया। दो ओलंपिक पदक जीत चुकीं भारतीय शूटर मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा थामे भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों का बड़ा दल शान से स्टेडियम में पहुंचा और इस खास पल का गवाह बना।
मनु-पवन के हाथों में तिरंगा, पीछे भारतीय दल
भारतीय दल की एंट्री ओपनिंग सेरेमनी के सबसे खास पलों में रही। मनु भाकर और पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर सबसे आगे रहे। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ी और अधिकारी पूरे उत्साह के साथ मार्च करते हुए स्टेडियम में पहुंचे। तिरंगे के साथ भारतीय दल की यह तस्वीर एशियन गेम्स के मंच पर देश की मौजूदगी को खास बनाने वाली रही। मनु भाकर के लिए यह एशियन गेम्स में तीसरी भागीदारी है। वह पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकी हैं। वहीं पवन सेहरावत 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रहे थे।
तूर की जगह पवन सेहरावत को मिला मौका
शुरुआत में पुरुष फ्लैग-बेयरर के तौर पर शॉटपुट स्टार तजिंदरपाल सिंह तूर का नाम था, लेकिन समारोह की किट से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण उन्हें आखिरी समय पर बदल दिया गया। उनकी जगह पवन सेहरावत ने भारतीय दल की अगुआई की। तूर हालांकि एशियन गेम्स में भारत की पदक उम्मीदों का अहम हिस्सा हैं। वह पिछली बार की तरह इस बार भी शॉटपुट में अपने प्रदर्शन से भारत के लिए स्वर्ण पदक की चुनौती पेश करेंगे।
जापान के सम्राट ने किया खेलों का आधिकारिक उद्घाटन
ओपनिंग सेरेमनी के दौरान जापान के सम्राट नारुहितो ने 20वें एशियन गेम्स को आधिकारिक रूप से खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही आइची-नागोया एशियन गेम्स का औपचारिक आगाज हो गया और अब पूरे एशिया से पहुंचे खिलाड़ी पदकों के लिए मैदान में उतरेंगे। भव्य समारोह में 45 देशों और क्षेत्रों से आए खिलाड़ी और अधिकारी मौजूद रहे। जापान ने पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ समारोह की शुरुआत की। कलाकारों की प्रस्तुति में ‘WELCOME’ संदेश भी दिखाई दिया।
आइची के गवर्नर ने खिलाड़ियों का किया स्वागत
समारोह के दौरान आइची प्रीफेक्चर के गवर्नर ओमुरा हिदेआकी ने पालोमा मिजुहो स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित किया। उनका संबोधन जापानी भाषा में हुआ। आइची और नागोया पूरे एशिया से आए खिलाड़ियों की मेजबानी कर रहे हैं और गवर्नर की मौजूदगी ने समारोह के महत्व को और बढ़ाया। इसके बाद ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी ने भी समारोह में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित किया। उन्होंने पालोमा मिजुहो स्टेडियम से एशियाई खेलों के इस बड़े आयोजन की शुरुआत के मौके पर अपनी बात रखी।
अब शुरू होगी पदकों की असली जंग
ओपनिंग सेरेमनी के साथ ही एशियन गेम्स 2026 की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में पदकों के लिए उतरेंगे। भारत इस बार पिछले एशियन गेम्स में किए गए अपने रिकॉर्ड प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा। हांगझोउ 2023 में भारत ने कुल 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य शामिल थे।



