इंदौर में मिनी बस चुराकर अंधाधुंध गति से दौड़ाई, दो वाहनों को मारी टक्कर…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 13 Oct 2026 04:38 PM
इंदौर में मिनी बस चुराकर अंधाधुंध गति से दौड़ाई, दो वाहनों को मारी टक्कर…
ऑडियो सुनें

इंदौर में एक व्यक्ति ने मंगलवार को मिनी बस चुराने के बाद उसे सड़क पर अंधाधुंध गति से दौड़ाते हुए दो वाहनों को टक्कर मार दी जिससे आरोपी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ओमप्रकाश ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विजय नगर क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास मिनी बस खड़ी थी और उसका चालक चाबी वाहन में छोड़कर कहीं बाहर चला गया था, तभी एक व्यक्ति ने बस चुरा ली।

उन्होंने बताया,”आरोपी मिनी बस को अंधाधुंध गति से दौड़ाते हुए एमआर-10 रोड पर पहुंचा और उसने एक मोटरसाइकिल तथा एक आॅटो रिक्शा को टक्कर मार दी।” अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बेकाबू मिनी बस बाद में एक चौराहे पर बिजली के खंभे से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में घायल आरोपी और आॅटो रिक्शा चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने कहा,”हमें संदेह है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसके होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav