India Zimbabwe Women T20: फ्री में मैच देख सकेंगी महिलाएं, छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबला

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 15 Oct 2026 08:25 AM
India Zimbabwe Women T20: फ्री में मैच देख सकेंगी महिलाएं, छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबला
ऑडियो सुनें

राजधानी रायपुर में 16 अक्टूबर को भारत-जिम्बाब्वे के बीच महिला टी-20 इंटरनेशनल मैच होगा, जिसमें सभी महिलाओं को फ्री एंट्री मिलेगी। सीएम विष्णु देव साय के सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने सहमति दी है। छत्तीसगढ़ में पहली बार इंटरनेशनल विमेंस क्रिकट मैच होने जा रहा है।

रायपुर में 16 अक्टूबर को भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 इंटरनेशनल (India Vs Zimbabwe Women T20) मुकाबला होगा।

विशेष बात ये है कि इस मैच को देखने आने वाली सभी महिलाओं को स्टेडियम में फ्री एंट्री मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnudeo Sai) ने इस फैसले पर प्रसन्नता जताई है और इसे प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी अवसर बताया है।

दूसरी ओर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैच देखने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री साय ने आमंत्रण स्वीकार किया और प्रदेश में पहली बार होने जा रहे इस अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच के लिए क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों को बधाई दी। साथ ही सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी अवसर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होना प्रदेश की खेल यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया की श्रेष्ठ महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की धरती पर खेलते देखना विशेष रूप से हमारी बेटियों और युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी अनुभव होगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबले (India Vs Zimbabwe Women T20) को लेकर प्रदेश की महिलाओं, युवाओं और खेलप्रेमियों में खास उत्साह रहेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन में महिलाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री के इस सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने सहमति दी। इसके बाद सभी महिलाओं के लिए मैच में फ्री एंट्री का फैसला लिया गया। इससे छत्तीसगढ़ के साथ देश के दूसरे हिस्सों से आने वाली महिलाएं भी बिना टिकट मैच देख सकेंगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group