रायपुर से जगदलपुर तक राष्ट्रपति मुर्मू का कार्यक्रम: स्मारक सिक्का जारी करेंगी, बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार को करेंगी संबोधित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगी। रायपुर में माता हासी देवी के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी करेंगी और जगदलपुर में बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शिरकत करेंगी।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Thu, 22 Oct 2026 12:09 PM
रायपुर से जगदलपुर तक राष्ट्रपति मुर्मू का कार्यक्रम: स्मारक सिक्का जारी करेंगी, बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार को करेंगी संबोधित
ऑडियो सुनें

रायपुर से जगदलपुर तक राष्ट्रपति मुर्मू का कार्यक्रम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय प्रवास के तहत आज, 22 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ आ रही हैं। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

22 अक्तूबर: रायपुर में कार्यक्रम

राष्ट्रपति दोपहर 12:45 बजे रायपुर के लोक भवन पहुंचेंगी। यहां वे माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये मूल्यवर्ग का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।

शाम को बूढ़ातालाब स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में वे ओडिशा समाज के लोगों को संबोधित कर सम्मानित करेंगी। इसके बाद वे लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगी।

23 अक्तूबर: बस्तर दशहरा में शिरकत

दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। सुबह 11 बजे वे प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगी और आशीर्वाद लेंगी।

इसके बाद दोपहर 12:45 बजे वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार को संबोधित करेंगी। वे लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगी। इसके बाद वे वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

मुख्यमंत्री साय करेंगे अगवानी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 22 अक्तूबर को सुबह 11:20 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचकर राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:40 बजे लोक भवन पहुंचेंगे, जहां दोपहर 2:30 बजे तक मौजूद रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे शाम 3:40 बजे इंडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे लोक भवन होते हुए नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगे।

जगदलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जगदलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मंच और बैठक व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों की दीर्घा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रायपुर में कड़ी सुरक्षा

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दो हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई है, साथ ही आईजी और डीआईजी रैंक के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत के मुताबिक माना एयरपोर्ट से लोक भवन और इंडोर स्टेडियम तक आवागमन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है।

एक नज़र में: राष्ट्रपति का शेड्यूल

तारीख समय कार्यक्रम
22 अक्तूबर दोपहर 12:45 बजे रायपुर के लोक भवन में स्मारक सिक्का जारी करेंगी
22 अक्तूबर शाम 4 बजे इंडोर स्टेडियम में सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम
22 अक्तूबर रात लोक भवन, रायपुर में विश्राम
23 अक्तूबर सुबह 11 बजे जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना
23 अक्तूबर दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा का सार्वजनिक कार्यक्रम
23 अक्तूबर इसके बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news