Cricket T20 भारत ने जीता न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच, 17 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 22 Oct 2026 06:46 PM
Cricket T20 भारत ने जीता न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच, 17 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
ऑडियो सुनें

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में खेला गया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 225 रन बनाए। जवाब में भारत ने छह विकेट गंवाकर दो गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने छह विकेट गंवाकर 226 रन चेज कर लिए। यह टीम इंडिया के टी20 इतिहास का सबसे सफलतम चेज है। इससे पहले भारत ने 2026 में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में 209 रन चेज किए थे। वहीं, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 209 रन सफलतापूर्वक हासिल किए थे। ओवरऑल टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल चेज का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के नाम है। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 259 रन सफलतापूर्वक चेज किए थे। इधर न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी टीम का दूसरा सबसे सफल चेज है। इस मामले में नंबर एक पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 2018 में ईडन पार्क में कीवियों के खिलाफ 244 रन सफलतापूर्वक चेज किए थे।

भारतीय खिलाड़ी नमन धीर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 15 गेंदों पर नाबाद 42 रन की पारी खेलकर इतिहास रच दिया। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सफल रन चेज के दौरान भारत के लिए सातवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। नमन ने इरफान पठान का 17 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इरफान ने 2009 में कोलंबो (आरपीएस) में श्रीलंका के खिलाफ सफल रन चेज के दौरान सातवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए थे।

न्यूजीलैंड को अपने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ पिछले आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से सात में हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान उसे सिर्फ एक मुकाबले में हार नहीं मिली। नेपियर में 2022 में खेला गया वह मैच डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के आधार पर टाई रहा था। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल, बेवन जैकब्स और भारत के अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में अपनी-अपनी पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया। पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ही मैच में तीन बल्लेबाजों द्वारा पहली गेंद पर छक्का लगाने का यह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा का रिकॉर्ड है। इससे पहले भी चार मौकों पर ऐसा हो चुका है। हालांकि, उन चार पुराने मुकाबलों में से सिर्फ एक मैच दो पूर्ण सदस्य देशों के बीच खेला गया था। 2018 में हैमिल्टन में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में लियाम डॉसन, क्रिस जॉर्डन और कॉलिन मुनरो ने अपनी पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group