असम राज्य की प्रमुख खबरें एक नजर में
शिलांग में होगी छठी असम राइफल्स हाफ मैराथन
असम राइफल्स हाफ मैराथन (ARHM) का छठा संस्करण 22 नवंबर 2026 को मेघालय की राजधानी शिलांग में होगा, जिसमें 4,000 से अधिक धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है. असम राइफल्स के प्रवक्ता के अनुसार, मैराथन में 5 किमी, 10 किमी और 21 किमी की तीन दौड़ प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें 12 से 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोग हिस्सा ले सकते हैं.
इस इवेंट में कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जिससे यह पूर्वोत्तर की बड़ी दौड़ प्रतियोगिताओं में से एक बन जाएगा. प्रवक्ता ने कहा, “देश भर के धावकों (Runners) को अपर शिलांग के खूबसूरत रास्तों पर अपनी सहनशक्ति को परखने का मौका मिलेगा.” यह घोषणा दिल्ली कैंट स्थित असम राइफल्स संपर्क कार्यालय में आयोजित एक कर्टन-रेजर इवेंट के दौरान की गई, जहां आयोजकों ने इस साल की मैराथन के लिए आधिकारिक जर्सी और फिनिशर मेडल का अनावरण किया.
असम के राज्यपाल का यूपी दौरा
असम (ओसोम) के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य रविवार को प्रयागराज में रहे। इस दौरान यमुनापार में औद्योगिक क्षेत्र के चाड़ी गांव स्थित श्री सुमंगलम सेवा न्यास के स्थापना दिवस समारोह ‘सुसंकल्प-2026’ में शामिल हुए। उन्होंन5े कहा कि मानव जीवन में सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। समाज की सेवा करना सभी का नैतिक कर्तव्य है ।
राज्यपाल ने कहा कि इस संसार में जो कुछ भी मिलता है, वह समाज से ही व्यक्ति को मिलता है। व्यक्ति समाज को क्या देता है इस पर सभी को मूल्यांकन करना चाहिए। हमने जो कुछ प्राप्त किया, इस धरती से ही प्राप्त किया है। समाज से ही सब कुछ मिला है, इसलिए समाज के प्रति समर्पित रहना चाहिए। मनुष्य माता का पिता का ऋषियों का कर्जदार होता है। समाज सेवा करके उसे उतारा जा सकता है।
एक हजार किसानों को एक लाख का पुरस्कार
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार इस साल ‘मुख्यमंत्री कृषि उत्कृष्टता पुरस्कार’ के तहत 1,000 प्रगतिशील और शिक्षित किसानों को 1-1 लाख रुपए का पुरस्कार देकर सम्मानित करेगी। मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का मकसद पढ़े-लिखे युवाओं को खेती को एक अच्छे और आधुनिक करियर विकल्प के तौर पर अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सरमा ने कहा, “हमें पढ़े-लिखे युवाओं को भी खेती की ओर आकर्षित करना होगा। इसलिए हमने इस साल 1,000 प्रगतिशील और पढ़े-लिखे किसानों को सम्मानित करने का फैसला किया है। पुरस्कार पाने वाले किसानों को खेती-बाड़ी से जुड़ी सरकार की अलग-अलग योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार की योजना इस पहल के तहत अगले पांच साल में 10,000 किसानों को सम्मानित करने की है। यह कार्यक्रम आधुनिक खेती के तरीकों को बढ़ावा देने, खेती से जुड़े रिसर्च को मजबूत करने और उत्पादकता बढ़ाने पर केंद्रित होगा, ताकि किसान ज्यादा आत्मनिर्भर बन सकें।
असम में 5734 सरकारी पदों पर होगी भर्ती
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए असम से अच्छी खबर सामने आई है. राज्य में 5,700 से ज्यादा सरकारी पदों को भरने के लिए भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इन भर्तियों की तारीख का ऐलान किया है. भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस, वन विभाग, होमगार्ड और फायर सर्विस समेत छह सरकारी विभागों में खाली पद भरे जाएंगे. ऐसे में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के पास अपनी तैयारी को मजबूत करने का अच्छा मौका है.