बिहार की राजधानी पटना में डॉ. कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के समय हंगामा हो गया. बताया जा रहा है कि पीएम मोदी पर दिए बयान पर एक युवक ने आपत्ति जताई. जिसके जवाब में खरगे ने गुस्से में पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी कर दी. जिसके बाद वहां हंगामे की स्थिति बन गई.
दरअसल, अपने भाषण के दौरान, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बात कर रहे थे. तभी, वहां मौजूद एक युवक ने प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई. युवक ने कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने विवादित बयान देते हुए गुस्से में इसका जवाब दिय. उन्होंने कहा कि मोदी का बाप भी जायेगा. इसके बाद आपत्ति जताने वाले युवक को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी.
इससे पहले, अप्रैल 2026 में चेन्नई में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान, खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ‘आतंकवादी’ शब्द का इस्तेमाल किया था. इस टिप्पणी के बाद भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई और खरगे से माफी की मांग की थी. हालांकि बीजेपी के काफी हंगामें के बाद भी खरगे ने माफी नहीं मांगी.
“30 साल तक कौन बचेगा या रहेगा किसने देखा है?”
इस बीच, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर कहा, “अगले 30 साल तक कौन बचेगा या रहेगा ये किसने देखा है? वे ऐसा लोगों को भ्रमित करने के लिए कहते हैं. उनके पास EVM है, जब तक अपने चेलों को उन्होंने वहां पर बैठाया है, उसी आधार पर वे ऐसा बयान देते हैं. उन्हीं के लोगों ने कहा है कि CEC में घपला है.”