गुवाहाटी गोलीबारी में बचे व्यक्ति की हालत स्थिर, पांचों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम हुआ

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 27 Oct 2026 01:58 PM
गुवाहाटी गोलीबारी में बचे व्यक्ति की हालत स्थिर, पांचों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम हुआ
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी के एक होटल में हुई गोलीबारी में बचे एकमात्र व्यक्ति की हालत स्थिर है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात होटल बिलास इन में संपत्ति के मालिक और उसे पट्टे पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद के दौरान गोलीबारी में घायल हुए छह लोगों में सत्येन पाठक भी शामिल थे। पाठक इस हमले में बचने वाले एकमात्र व्यक्ति हैं, जबकि बाकी पांच लोगों की मौत हो गई।

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के अधीक्षक देवजीत चौधरी ने बताया कि गोली सत्येन पाठक के दाहिने हाथ को भेदकर निकल गई और इससे शरीर के किसी भी महत्वपूर्ण अंग को नुकसान नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा, “उनकी हालत स्थिर है। उन्हें आगे कुछ और जांच करानी होगी और कुछ दिन अस्पताल में रहना पड़ेगा।” चौधरी ने बताया कि पांचों मृतकों का पोस्टमार्टम जीएमसीएच में किया जा रहा है और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि सभी मृतक होटल मालिक से संबद्ध थे, जबकि उनमें से चार एक ही परिवार के थे। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि आरोपी की पहचान संपत्ति के पट्टेदार घनकांत गोगोई के रूप में हुई है। घटना रात करीब नौ बजे हुई थी और इसके एक घंटे के भीतर ही आरोपी को पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav