रायपुर। चक्रवात अर्णब से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय पर राहत मिल सके, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से काम करे।
तत्काल सर्वे के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने चक्रवात अर्णब के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का शीघ्र आकलन किया जाए।
RBC 6-4 के तहत मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि आकलन के बाद आरबीसी 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण से लेकर सहायता राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
अन्नदाताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें कि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिले। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।