भूटान में हिमनद झील फटने के बाद असम में निगरानी बढ़ाई गई, धुबरी जिले में अलर्ट

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 30 Oct 2026 03:53 PM
भूटान में हिमनद झील फटने के बाद असम में निगरानी बढ़ाई गई, धुबरी जिले में अलर्ट
ऑडियो सुनें

पड़ोसी देश भूटान में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ (गोल्फ) यानी हिमनद झील के अचानक फटने से आई बाढ़ के बाद असम सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और राज्य के धुबरी जिले में अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, धुबरी जिले से होकर बहने वाली संकोश नदी के बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी से निपटने की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “भूटान में हिमनद झील फटने से आई बाढ़ के कारण पैदा हुई स्थिति पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा करीबी नजर रख रहे हैं।” पोस्ट में कहा गया, “धुबरी जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और बाढ़ से निचले इलाकों में पड़ सकने वाले प्रभावों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार है।” असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढे छह बजे तक संकोश नदी का जलस्तर स्थिर था।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और आपदा राहत एवं बचाव दल किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जल शक्ति मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को असम और पश्चिम बंगाल के लिए विशेष परामर्श जारी किया जिसमें कहा गया कि भारतीय दूतावास ने भूटान में पुनात्सांगछू नदी बेसिन में स्थित ंिशताफू झील में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ की सूचना दी है। परामर्श के मुताबिक, नदी के ऊपरी क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने की खबरों के बाद असम के धुबरी और पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में संकोश नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। मंत्रालय ने दोनों जिलों के स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने, स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav