कोचिंग में शिक्षक की हत्या: गला रेता, शरीर पर किए सात वार; बोर्ड पर लिखा-‘रेपिस्ट’; सीसीटीवी में दिखा एक युवक

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Tue, 10 Nov 2026 03:15 PM
कोचिंग में शिक्षक की हत्या: गला रेता, शरीर पर किए सात वार; बोर्ड पर लिखा-‘रेपिस्ट’; सीसीटीवी में दिखा एक युवक
ऑडियो सुनें

आगरा के वीएस प्लाजा में गणित शिक्षक ओमप्रकाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस पुराने परिचितों, दोस्तों और विद्यार्थियों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम में शरीर पर नौ चोट के निशान मिले हैं, जबकि सीसीटीवी में एक युवक शिक्षक की स्कूटी लेकर जाता दिखाई दिया है।

आगरा के आवास विकास काॅलोनी के वीएस प्लाजा में शिक्षक ओमप्रकाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस दो बिंदुओं पर जांच कर रही है। एक तरफ मृतक के पुराने परिचितों और दोस्तों की जानकारी जुटाई जा रही है तो दूसरी तरफ विद्यार्थियों से पूछताछ चल रही है। गला रेतने के अलावा शिक्षक के शरीर पर सात प्रहार और नौ जगह चोट के निशान मिले। इससे माना जा रहा है कि आरोपी और शिक्षक के बीच संघर्ष हुआ होगा।

कानपुर देहात के मूल निवासी गणित शिक्षक ओमप्रकाश यादव (58) आवास विकास काॅलोनी के सेक्टर-7 में शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में पढ़ाते थे। 30 साल से आगरा में रह रहे थे। सेक्टर-13 में मकान किराए पर लिया था। वह सेक्टर तीन स्थित वीएस प्लाजा में कोचिंग चला रहे थे। वह 2 नवंबर को कोचिंग आए लेकिन घर नहीं लौटे। अगले दिन विद्यार्थी आए तो कोचिंग बंद थी। शुक्रवार को कोचिंग में जमीन पर शव पड़ा मिला। वह कक्षा 9 व 10वीं के विद्यार्थी पढ़ाते थे। 11 व 12वीं के विद्यार्थी भी पढ़ने आते थे मगर उनका कोई अलग से बैच नहीं था।

एसीपी लोहामंडी गाैरव सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों से पूछताछ की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। शिक्षक की एक महिला से बातचीत लगातार हो रही थी। वह घटना के समय आगरा से बाहर थी। इसके अलावा भी काॅल डिटेल खंगाली जा रही है। डिटेल आने पर पता चलेगा कि शिक्षक की किन-किन लोगों से बात होती थी। हत्या का कनेक्शन स्कूल है या कोचिंग, इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

स्कूटी लेकर जाता दिखा युवक

एसीपी ने बताया कि वह स्कूल से छुट्टी के बाद घर नहीं गए। सीधे कोचिंग पर आ गए। शाम तकरीबन सात बजे तक बैच लिए। इसके बाद ही उनकी हत्या की आशंका है। एक युवक उनकी स्कूटी लेकर जाता सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में नजर आया है। वह अंदर के रास्ते से निकला। वहीं कोचिंग के बोर्ड पर मार्कर से रेपिस्ट लिखा था। पुलिस मान रही है कि यह जांच को भटकाने के लिए भी किया जा सकता है। हालांकि इस बिंदु को भी पुलिस ने छोड़ा नहीं है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group