पवन कल्याण तलाक: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और तेलुगु अभिनेता पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने अलग होने का एलान किया है। दोनों ने संयुक्त बयान जारी कर अपनी 13 साल पुरानी शादी खत्म करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला आपसी सहमति और एक-दूसरे के प्रति सम्मान के साथ लिया गया है।
संयुक्त बयान में क्या कहा?
अपने शुभचिंतकों और करीबियों को संबोधित बयान में दोनों ने कहा, ‘जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है।’ उन्होंने कहा कि शादी खत्म होने के बाद भी वे अच्छे दोस्त और बच्चों के प्रति समर्पित माता-पिता बने रहेंगे। बच्चों की खुशी दोनों की साझा प्राथमिकता रहेगी।
निजता का सम्मान करने की अपील
पवन कल्याण और अन्ना ने इस निजी बदलाव के दौरान लोगों से समझदारी, संवेदनशीलता और निजता का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों का आभार भी जताया। खबर के मुताबिक अलग होने की घोषणा के कुछ समय बाद अन्ना कोनिडेला ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया।
2013 में हुई थी शादी
पवन कल्याण ने सितंबर 2013 में रूसी नागरिक अन्ना लीजनेवा से शादी की थी। दोनों का विवाह हैदराबाद के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुआ था। उनके दो बच्चे हैं: बेटी पोलेना अंजना पवनोवा और बेटा मार्क शंकर पवनोविच।
अन्ना के साथ थी तीसरी शादी
पवन कल्याण ने 1997 में नंदिनी से शादी की थी, जिनसे वह दो साल में अलग हो गए और 2008 में तलाक हुआ। इसके बाद उन्होंने 2009 में रेणु देसाई से शादी की। दोनों 2011 में अलग हुए और 2012 में तलाक हुआ।
जन्मदिन पर दी थी बधाई
अलग होने की खबर से फैंस और फिल्म जगत के शुभचिंतक हैरान हैं। दोनों को एक-दूसरे के करीब माना जाता रहा है। इस साल 2 सितंबर को पवन कल्याण के 55वें जन्मदिन पर अन्ना ने सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीर साझा कर उनके योगदान और लोगों के जीवन पर उनके प्रभाव का जिक्र किया था।