सआदतगंज में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपित ऋषभ शुक्ला के परिवार पर प्रशासन ने बढ़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को एलडीए ने करीब 4,000 वर्गफुट जमीन पर बने परिवार के तीनों मकानों पर बुलडोजर चला दिया। देर शाम तक एक मकान पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया था, जबकि बाकी दोनों मकानों को तोड़ने का काम देर रात तक जारी रहा। कार्रवाई के बाद तीनों मकान रहने या किसी अन्य इस्तेमाल के लायक नहीं रह गए।
लखनऊ ट्रिपल मर्डर में वारदात को बीते 18 दिन हो गए लेकिन स्थानीय पुलिस को इस बात की भनक ही नही लगी थी कि आरोपितों के घर में असलहों का जखीरा है। लोगों का कहना है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई न होती तो ये असलहे सामने ही न आते। सआदतगंज में नौबस्ता ब्राह्मणी टोला इलाके में शिवाजी तिवारी पत्नी उषा और बेटे सुयश के साथ रहते थे। वह संघ के पूर्व जिला कार्यवाह पश्चिम भी रहे थे।
पुलिस ने घर में तलाशी लेने का दावा भी किया था
उनके साथ छोटे भाई शिवेंद्र तिवारी, पत्नी रुचि और बेटी सुमेधा के साथ रहते थे। चबूतरे और पार्किंग के विवाद में तीनों की 26 अक्टूबर को पड़ोसी ऋषभ शुक्ला ने पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी थी। शिवेंद्र की पत्नी रुचि ने इस मामले में राजेश शुक्ला, ऋषभ शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू दिव्या, प्रिया व अदिति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले में सभी आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वारदात के बाद पुलिस ने कई बार घर में तलाशी लेने का दावा भी किया था।
गुरुवार को जब एलडीए की टीम आरोपितों के घर के ध्वस्तीकरण के लिए पहुंची तो मौके से एक पिस्टल, एक तमंचा, एक राइफल, एक बंदूक, एक रिवॉल्वर और 20 कारतूस मिले। इतने असलहों की बरामदगी के बाद एलडीए की टीम ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। एलडीए की टीम का दावा है कि मौके से मिले असलहे और कारतूस पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए है। वही डीसीपी जितेंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक एलडीए की तरफ से असलहे की सुपुर्दगी लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आखिर कहां से आए इतने हथियार
पुलिस इस बारे में पता करने में जुट गई है कि आखिर इतने असलहे कहा से आए है। वहा इलाके के लोगों का कहना है कि आरोपित ऋषभ का चाचा हिस्ट्रीशीटर था. कहीं उसी ने तो इतने असलहे अवैध रूप से बेचने के लिए नही जुटाए थे।