खौफनाक : बेटे ने पिता को जलाया, हालत गंभीर, बेटी को साथ रखने से नाराज था सुपुत्र

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 12 Nov 2026 03:46 PM
खौफनाक : बेटे ने पिता को जलाया, हालत गंभीर, बेटी को साथ रखने से नाराज था सुपुत्र
ऑडियो सुनें

बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र में बेटे ने बुजुर्ग पिता पर लोहे के हथियार से हमला करने के बाद पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। आग से झुलसते पिता को तड़पता छोड़कर आरोपी भाग निकला। पिता को जलता देख बेटी ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। उनका इलाज चल रहा है।

ग्राम सेलर निवासी विश्राम केंवट (76) खेती-किसानी और रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ हैं। इसलिए उन्होंने अपनी बेटी दुरपति बाई और उसके परिवार को अपने साथ रखा था। बेटी का परिवार उनकी देखभाल के साथ खेती का काम भी संभालता था। उनका बेटा आशाराम केंवट पास के गांव बरेली में रहता है। बताया जा रहा है कि पिता के बेटी को साथ रखने और संपत्ति को लेकर आशाराम उनसे नाराज था।

बुधवार को आरोपी आशाराम अपने गांव सेलर पहुंचा। यहां बेटी को मायके में रखने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिता से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने लोहे के हथियार से पिता पर हमला किया। इसके बाद साथ लाए पेट्रोल को उन पर डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते विश्राम आग की लपटों से घिर गए। वारदात के बाद आशाराम उन्हें जलता और तड़पता छोड़कर भाग निकला। पिता को आग की लपटों में घिरा देख बेटी दुरपति बाई घबरा गई। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और एंबुलेंस को कॉल किया। इसके बाद गंभीर हालत में पिता को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया.

बुजुर्ग के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सिम्स में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पिता के बेटी को अपने साथ रखने और संपत्ति को लेकर बेटा नाराज था। हालांकि विवाद की असली वजह और हमले से जुड़ी परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group