राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस वर्ष के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए। इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ के लिए नहीं चुना गया है और 2014 के बाद यह पहला मौका है जब खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया है। करीब 36 मिनट तक चले इस समारोह में केंद्रीय युवा मामलों और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और खेल सचिव हरि रंजन राव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
किसे मिला अर्जुन पुरस्कार
चयन समिति की सिफारिशों के पुनर्मूल्यांकन के बाद इस बार कुल 17 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुरस्कारों की घोषणा में हुई भारी देरी की कुछ एथलीटों ने आलोचना भी की थी, जिसे मंत्रालय ने पुरस्कारों की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक बताया था। पुरस्कार विजेताओं में हाल ही में विश्व कप जीतने वाली शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, 2024 के शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे विदित गुजराती, डेकाथलीट तेजस्विन शंकर और महिलाओं की युगल बैडमिंटन जोड़ी गायत्री गोपीचंद व त्रीसा जॉली का नाम शामिल हैं।
समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में दिव्या देशमुख, विदित गुजराती, राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल और युवा बधिर निशानेबाज धनुष श्रीकांत शामिल थे। पैरा-स्पोर्ट्स श्रेणी में इस बार केवल दो खिलाड़ियों पैरा क्लब थ्रोअर एकता भ्यान और निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल को यह सम्मान मिला। इसके अलावा, वर्ष 1962 के एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता फुटबॉल टीम के सदस्य आई. अरुमनायगम को ‘लाइफटाइम अचिवमेंट’ श्रेणी में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।
तीन कोच को मिला द्रोणाचार्य अवॉर्ड
कोचिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए तीन कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया, जिनमें महिला राष्ट्रीय शिविर से जुड़े मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव प्रमुख हैं। इसके साथ ही पुरुषों की राष्ट्रीय मुक्केबाजी टीम के कोच धर्मेंद्र यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को ‘लाइफटाइम अचिवमेंट’ श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मालूम हो कि अर्जुन पुरस्कार विजेता को 15 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है। पारंपरिक रूप से ये पुरस्कार महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती यानी 29 अगस्त को दिए जाते थे, लेकिन कोविड-19 महामारी के बाद से इसकी तारीख में निरंतरता नहीं रही है।
किसे मिला राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार?
इसके अलावा, पुणे स्थित ‘आर्मी पैरालंपिक नोड’ को ‘राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार’ दिया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह पुरस्कार उन कॉरपोरेट संस्थाओं या गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो। ‘राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार’ उन कॉरपोरेट संस्थाओं (सार्वजनिक/निजी) और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में अहम भूमिका निभाई हो।
भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश, जस्टिस (रिटायर्ड) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को 2025 के पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची की घोषणा की थी। इस साल इन पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों पर जस्टिस (रिटायर्ड) मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने विचार किया। इस समिति में जाने-माने खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले लोग और खेल प्रशासक शामिल थे।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की पूरी सूची..
अर्जुन पुरस्कार
तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स)
प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स)
नरेंद्र बेरवाल (मुक्केबाजी)
विदित गुजराती (शतरंज)
दिव्या देशममुख (शतरंज)
धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी)
राजकुमार पाल (हॉकी)
सुरजीत (कबड्डी)
रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग)
एकता भ्यान (पैरा-एथलेटिक्स)
अरविंद सिंह (रोइंग)
अखिल शेरोन (निशानेबाजी)
त्रीसा जॉली (बैडमिंटन)
गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन)
लालरेम्सियामी (हॉकी)
मोहम्मद अजमल (एथलेटिक्स)
पूजा (कबड्डी)
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम अचीवमेंट)
आई. अरुमनायगम (फुटबॉल)
द्रोणाचार्य पुरस्कार
परवीर सिंह
छोटे लाल यादव
नेहा चव्हाण
द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम अचीवमेंट)
धर्मेंद्र यादव
वीरेंद्र कुमार