पश्चिमी यूपी की सियासत में अपनी ताकत दिखाने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने शनिवार को मेरठ के नौचंदी मैदान से चुनावी बिगुल फूंक दिया। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंच से सीधे 2027 और 2029 के चुनावों को निशाने पर रखते हुए भाजपा को सत्ता से बाहर करने का दावा किया। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को यूपी का अगला मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करते हुए कहा कि पहले 2027 में योगी आदित्यनाथ और फिर 2029 में नरेंद्र मोदी को दिल्ली की सत्ता से हटाया जाएगा। ओवैसी ने सपा और कांग्रेस को भी मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया, लेकिन अखिलेश यादव पर निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि मूंछ और दाढ़ी वालों का गठबंधन हो चुका है और इसका असर क्लीन शेव और क्लीन हेड वालों की राजनीति पर भी पड़ेगा।
ओवैसी ने कहा- अखिलेश ने हमारे बारे में कहा था कि ये उतनी ही दूर उड़ सकते हैं जितनी दूर तक इनकी डोर इन्हें जाने देगी। जब हम डोर खींचेंगे, तो ये वापस हमारे पास आ जाएंगे। मुसलमानों का मानना है कि हमारी डोर, हमारी किस्मत, अल्लाह के हाथ में है। आप बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं मेरे दोस्त। रही बात आपकी डोर की तो वह BJP के हाथों में है।
लाल टोपीवालों से पूछिए यह कैसा प्यार है?
एआईआईएम चीफ ने आगे कहा- अखिलेश यादव ने राज्यसभा में किसे सांसद बनाया? उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति को चुना, जिसके पिता ने झारखंड में कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन के उम्मीदवार को हराया था। एक ऐसे व्यक्ति के बेटे का, जो गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं और BJP के समर्थक हैं, अखिलेश ने बाहें फैलाकर स्वागत किया। अगर हमारी पार्टी के किसी मामूली सदस्य के पिता भी BJP से जुड़े होते, तो पूरी मीडिया सुबह से शाम तक हमें घेरे रखती। सच कहूं तो मेरे अपने ससुर भी मुझे इतना प्यार नहीं दिखाते, जितना ये लोग दिखाते हैं। लेकिन लाल टोपी वालों से पूछिए तो सही कि यह कैसा प्यार है? आखिर इस रिश्ते की असलियत क्या है?
पीडीए का मतलब पलट दिया अखिलेश
ओवैसी ने कहा कि यह केवल राजनीतिक दलों का नहीं, बल्कि दिलों का गठबंधन है। पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को बराबर की राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाने के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा मजबूत विकल्प बनकर उभरा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने की क्षमता केवल इसी मोर्चे में है। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सपा कई चुनावों में भाजपा को रोकने में नाकाम रही। पीडीए के नारे का मजाक उड़ाते हुए बोले कि इसका असली मतलब पलट दिया अखिलेश है।
अब किसी के आगे दरी नहीं बिछाएंगे
ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद के साथ अपने राजनीतिक गठबंधन को नई शुरुआत बताते हुए कहा कि अब किसी पार्टी के सामने सिर झुकाने या राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए भीख मांगने का दौर खत्म होगा। उन्होंने कहा, अब हम किसी के आगे दरी नहीं बिछाएंगे, बल्कि अपने इत्तिहाद की ताकत से आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम को कामयाब बनाएंगे।
किसानों को 600 रुपये गन्ना भाव, कर्ज माफी का वादा
जनसभा में ओवैसी ने किसानों और युवाओं को साधने के लिए कई चुनावी वादे किए। उन्होंने कहा कि मोर्चे की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाएगा। गन्ना भुगतान दस महीने के भीतर सुनिश्चित करने की बात कही। इसके अलावा रोजगार, बेहतर शिक्षा और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की स्थापना का मुद्दा भी उठाया।