छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में स्थित गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क अपने भीतर करोड़ों साल पुराना इतिहास की कहानी बयां करता है। मार्च 2022 में स्थापित इस पार्क में 28 करोड़ साल से भी ज्यादा पुराने समुद्री जीवों के जीवाश्म देखने को मिलते हैं। इसे एशिया का सबसे बड़ा समुद्री जीवाश्म पार्क बताया गया है। यह स्थान समुद्री जीवन के विकास को समझने के साथ-साथ पर्यटन, शिक्षा और वैज्ञानिक अध्ययन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
1954 में मिला था करोड़ों साल पुराना समुद्री इतिहास
गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क की खोज वर्ष 1954 में भूवैज्ञानिक एसके घोष ने कोयले की तलाश के दौरान की थी। अपने बड़े क्षेत्र और खास भूगर्भीय बनावट के कारण यह जगह विशेष महत्व रखती है। इसे भारत का एकमात्र राष्ट्रीय भूवैज्ञानिक स्मारक समुद्री जीवाश्म पार्क भी बताया जाता है।
यहां पर्मियन काल के शुरुआती दौर यानी तलछीर संरचना (Talchir Formation) के जीवाश्म पाए जाते हैं। इनमें दो खोल वाले समुद्री जीव (Aviculopecten और Eurydesma), घोंघे, ब्रैकियोपोड्स, समुद्री लिली और ब्रायोजोआ जैसे जीवों के अवशेष शामिल हैं।
समुद्र की लेहरो के नीचे छिपा था यह इलाका
प्रदेश की चट्टानों में करोड़ों साल पुराने समुद्री जीवन के निशान मिले हैं। यहां चट्टानों की ऐसी परतें हैं, जिनमें पुराने पत्थरों के टुकड़ों के साथ समुद्री जीवों के खोल भी पाए गए हैं।
वैज्ञानिकों के अनुसार, संभवतः ग्लेशियरों की बर्फ पिघलने से समुद्र का जलस्तर बढ़ गया था और समुद्र का पानी इस इलाके तक पहुंच गया था। इसके बाद समुद्री जीवों के अवशेष यहां की चट्टानों में जमा होते गए और लंबे समय बाद जीवाश्म में बदल गए। जब समुद्र का पानी वापस लौटा, तब अलग-अलग गहराई में रहने वाले समुद्री जीवों के अवशेष चट्टानों की एक ही परत में सुरक्षित रह गए। इनसे उस समय समुद्र की स्थिति और वहां रहने वाले जीवों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है।
दुनिया के कई हिस्सों में मिलते हैं ऐसे समुद्री जीवो के अवशेष
मनेंद्रगढ़ में मिले समुद्री जीवाश्म दुनिया के अन्य गोंडवाना क्षेत्रों में पाए गए जीवाश्मों से मिलते-जुलते हैं। ऐसे जीवाश्म दक्षिण अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, अंटार्कटिका और दक्षिण अफ्रीका में भी मिले हैं। इस वजह से यह पार्क प्राचीन गोंडवाना महाद्वीप और उस समय के समुद्री जीवन के इतिहास को समझने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
2022 में छत्तीसगढ़ का पहला समुद्री जीवाश्म पार्क बना यह स्थल
कुदरती कारणों और मानवीय गतिविधियों से जीवाश्मों को नुकसान पहुंचने की आशंका को देखते हुए इनके सुरक्षा की पहल की गई। 2021 में बिरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान (BSIP) के वैज्ञानिकों, छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड और वन विभाग के अधिकारियों ने इस क्षेत्र का दौरा किया था।
इसके बाद छत्तीसगढ़ वन विभाग ने मार्च 2022 में इसे प्रदेश का पहला समुद्री जीवाश्म पार्क घोषित किया। इसका उद्देश्य यहां मौजूद पुराने जीवाश्मों को सुरक्षित रखने के साथ पर्यटन, शिक्षा और वैज्ञानिक अध्ययन को बढ़ावा देना है।
पार्क के विकास पर खर्च होंगे 41.99 लाख रुपये
छत्तीसगढ़ सरकार ने पार्क को आकर्षक बनाने के लिए 41.99 लाख रुपये प्रदान किए हैं। इसके साथ ही यहां आने वाले लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने और पहुंच को बेहतर बनाने की योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य इस प्राकृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है।
प्राचीन इतिहास, संस्कृति और पर्यटन के जिला नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पांडेय के अनुसार, करीब 28 करोड़ साल पुराने इस समुद्री जीवाश्म पार्क को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसे एशिया का सबसे बड़ा समुद्री जीवाश्म पार्क भी बताया गया है।
उन्होंने बताया कि करीब 28 करोड़ साल पहले टेथिस सागर की एक उथली शाखा इस क्षेत्र तक पहुंची थी। इसे बंगाल की खाड़ी का प्राचीन पूर्ववर्ती स्वरूप भी माना जाता है। यहां मिले समुद्री जीवों के जीवाश्म इस बात का प्रमाण हैं कि कभी यह पूरा इलाका समुद्र के नीचे था।
विज्ञान और पर्यटन की दृष्टि से भी अहम
गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क में मिले जीवाश्मों से न केवल पुराने समुद्री जीवन के बारे में जानकारी मिलती है, बल्कि इनके जरिए पृथ्वी की पुरानी बनावट और उसमें हुए बदलावों को भी समझा जा सकता है। यहां मौजूद जीवाश्म पर्मियन काल में समुद्र के अंदर रहने वाले जीवों और उनके विकास के बारे में जानकारी देते हैं। पार्क के संरक्षण और विकास से छत्तीसगढ़ में पर्यटन के साथ वैज्ञानिक अध्ययन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।