छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने कहा है कि पुरस्कार सम्मान का विषय है, लेकिन स्वच्छता की असली कसौटी रायपुर शहर की सड़कों और गलियों में दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होना गौरव की बात है। हालांकि, शहर की वर्तमान स्वच्छता व्यवस्था इस सम्मान के अनुरूप और अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं देती।
अकबर ने आगे कहा कि सर्वेक्षण में हुई त्रुटियों और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर है जिसे नगरी प्रशासन मंत्री को समझना चाहिए. नगरीय प्रशासन मंत्री अब पुरस्कार के अनुरूप रायपुर को स्वच्छ बनाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाएं और सर्वेक्षण करने वाली एजेंसी की जवाबदेही तय करने के लिए पहल करें.
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए विधानसभा वार टेंडर प्रक्रिया किए जाने के निर्णय पर भी पुनर्विचार की आवश्यकता है. प्रत्येक वार्ड में पार्षद जनता के बीच मौजूद हैं और स्थानीय समस्याओं से बेहतर परिचित हैं। सफाई व्यवस्था को वार्ड स्तर पर अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए।