Govt Jobs रेलवे में निकली वैकेंसी, स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती, 25 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Wed, 18 Nov 2026 07:27 PM
Govt Jobs रेलवे में निकली वैकेंसी, स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती, 25 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
ऑडियो सुनें

सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओ के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन के लिए फॉर्म जारी किये हैं। इस भर्ती के लिए किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 27 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

स्टेशन मास्टर पद के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की उम्र 20 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

इतना मिलेगा वेतन

चयनित अभ्यर्थियों को सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के लेवल-6 के अनुसार वेतन दिया जाएगा। इस पद का शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को नियमानुसार स्टाइपेंड मिलेगा।

आवेदन शुल्क

सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। वहीं महिला, ट्रांसजेंडर, एससी, एसटी, पूर्व सैनिक, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में शामिल होने के बाद नियमानुसार शुल्क की राशि वापस की जाएगी। सामान्य और ओबीसी वर्ग को बैंक शुल्क काटकर 400 रुपये लौटाए जाएंगे, जबकि रियायती शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों को पूरी राशि वापस मिलेगी।

ऐसे होगा चयन

स्टेशन मास्टर पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। पहले चरण की परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों को एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन में CBT और CBAT के अंकों को निर्धारित वेटेज के अनुसार शामिल किया जाएगा।

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले वेबसाइट पर उपलब्ध CEN 08/2026 स्टेशन मास्टर भर्ती के लिंक को खोलना होगा। नए अभ्यर्थियों को पहले अपना अकाउंट बनाना होगा। इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने पर कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group