दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में 21 नवंबर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विषम सेमेस्टर (पहले, तीसरे, पांचवें व सातवें) की कक्षाएं समाप्त हो गईं। अब चार दिसंबर से परीक्षाओं की शुरुआत होगी, जबकि एक जनवरी से विद्यार्थियों के लिए दूसरे, चौथे, छठे व आठवें सेमेस्टर की शुरुआत होगी।
डीयू में सेमेस्टर ब्रेक कब शुरू होगा?
दिसंबर के तीसरे सप्ताह में परीक्षाओं के समापन के बाद 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक सेमेस्टर ब्रेक रहेंगे। इस कारण से अब डीयू में पढ़ाई जनवरी के पहले सप्ताह से ही शुरू होगी। हालांकि शिक्षकों की परीक्षा ड्यूटी होने के कारण उन्हें डीयू आना होगा। एक जनवरी से पढ़ाई शुरू होने के बाद 21 मार्च से 28 मार्च तक मिड सेमेस्टर अवकाश हो जाएंगे।
जामिया के छात्रों ने परीक्षा में बैठने के लिए मांगी उपस्थिति में छूट
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में कम उपस्थिति वाले छात्रों ने सेमेस्टर परीक्षा में विशेष छूट देने की मांग की है। इस संबंध में डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) को पत्र लिखकर परीक्षा में बैठने की अनुमति देने की अपील की है। पत्र के अनुसार जामिया के नियमों के मुताबिक परीक्षा में शामिल होने के लिए 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य है। लेकिन इस सेमेस्टर में बड़ी संख्या में छात्रों की उपस्थिति कम रह गई। इसकी वजह परिसर में करीब 18 दिन तक चला विरोध प्रदर्शन रहा। इस दौरान नियमित कक्षाएं प्रभावित हुईं और बड़ी संख्या में छात्र आंदोलन में शामिल रहे। ऐसे में छात्रों की उपस्थिति पर प्रभाव पड़ा है।
छात्रों की मांग है कि 50 फीसदी या इससे अधिक उपस्थिति वाले छात्रों को बिना किसी शर्त परीक्षा में बैठने दिया जाए। जबकि 50 फीसदी से कम उपस्थिति वाले छात्रों को लिखित आश्वासन लेकर परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाए। सेमेस्टर में उपस्थिति की कमी के कारण किसी भी छात्र को परीक्षा से वंचित नहीं करने की अपील की गई है।