आरक्षित पद पर चुनाव लड़कर जीतना पड़ा भारी, सरपंच पद से हटाई गईं महिला, हारी हुई प्रत्याशी ने लगाई थी याचिका

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Wed, 25 Nov 2026 10:54 AM
आरक्षित पद पर चुनाव लड़कर जीतना पड़ा भारी, सरपंच पद से हटाई गईं महिला, हारी हुई प्रत्याशी ने लगाई थी याचिका
ऑडियो सुनें

बिलासपुर. पंचायत चुनाव में आरक्षित पद की पात्रता को लेकर उठे विवाद में ग्राम पंचायत कोरमी की सरपंच सुंदरी बाई धुरी को राहत नहीं मिली है। अतिरिक्त कलेक्टर की अदालत ने उनकी अपील खारिज करते हुए पद से हटाने और छह वर्ष तक पंचायत चुनाव लड़ने पर रोक लगाने के पूर्व आदेश को कायम रखा है।

बिल्हा जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोरमी में वर्ष 2025 के पंचायत चुनाव के दौरान सरपंच पद अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के लिए आरक्षित था। सुंदरी बाई धुरी ने इसी आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि, उनके निर्वाचन के बाद जातिगत पात्रता को लेकर शिकायत सामने आई।

ग्राम की दुर्गेश्वरी मरकाम ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर आरोप लगाया था कि सुंदरी बाई धुरी अनुसूचित जनजाति वर्ग की नहीं, बल्कि अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं। शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई गई। नायब तहसीलदार की रिपोर्ट में उन्हें अनुसूचित जनजाति वर्ग का नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्रवाई की गई। इसके तहत सुंदरी बाई धुरी को सरपंच पद से हटाने के साथ आगामी छह वर्षों तक पंचायत चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

अपील में पर्याप्त अवसर नहीं मिलने का तर्क

इस आदेश के खिलाफ सुंदरी बाई धुरी ने अतिरिक्त कलेक्टर की अदालत में अपील की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। साथ ही शिकायत को निराधार बताते हुए मामले की जांच ग्रामसभा के माध्यम से कराने की मांग की थी।दूसरी ओर, शिकायतकर्ता पक्ष ने आरक्षित पद पर कथित अपात्रता को गंभीर मामला बताते हुए पूर्व आदेश को बरकरार रखने की मांग की।

चार अवसरों के बाद भी प्रस्तुत नहीं हुए ठोस साक्ष्य

अतिरिक्त कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई ने अपील की सुनवाई के दौरान संबंधित अभिलेखों और दोनों पक्षों की दलीलों का परीक्षण किया। रिकॉर्ड के मुताबिक, सुंदरी बाई धुरी को अपना जवाब और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 28 अप्रैल, 8 मई, 11 मई और 13 मई 2026 को अवसर दिए गए थे।

अदालत के सामने ऐसा कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिससे नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट को गलत साबित किया जा सके। इसके बाद अतिरिक्त कलेक्टर ने 13 नवंबर 2026 को अपील निरस्त कर दी। फैसले के साथ ही सुंदरी बाई धुरी को सरपंच पद से हटाने और छह वर्ष तक पंचायत चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने का आदेश बरकरार रहा। मामला पंचायत चुनाव में आरक्षित पदों के लिए निर्धारित पात्रता और उसके समर्थन में आवश्यक दस्तावेजों की अहमियत को सामने लाता है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group