चीन ने पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को अपने अंतरिक्ष स्टेशन भेजा, ‘शेनझोउ-24’ का सफल प्रक्षेपण

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 25 Nov 2026 03:26 PM
चीन ने पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री को अपने अंतरिक्ष स्टेशन भेजा, ‘शेनझोउ-24’ का सफल प्रक्षेपण
ऑडियो सुनें

चीन ने बुधवार को अपने मानवयुक्त अंतरिक्ष यान ‘शेनझोउ-24’ का सफल प्रक्षेपण किया, जिसमें पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली समेत तीन अंतरिक्ष यात्री सवार हैं। अली चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में भाग लेने वाले पहले विदेशी नागरिक हैं। ‘लॉन्ग मार्च-2एफ’ वाहक रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष यान को उत्तर-पश्चिमी चीन स्थित जीक्यूआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से रवाना किया गया। अधिकारियों ने प्रक्षेपण के कुछ ही मिनट बाद इसे सफल घोषित कर दिया।

चीन के अंतरिक्ष मिशन में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की भागीदारी दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किए जा रहे आयोजनों का हिस्सा है। दोनों देशों के बीच घनिष्ठ रक्षा एवं आर्थिक संबंध हैं। चीन के राष्ट्रपति शी चिनंिफग और पाकिस्तान के उनके समकक्ष आसिफ अली जरदारी ने बुधवार को दोनों देशों के अंतरिक्ष यात्रियों के संयुक्त अंतरिक्ष मिशन पर एक-दूसरे को बधाई दी।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, शी ने अपने संदेश में कहा कि चीन और पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा संयुक्त रूप से अंतरिक्ष अन्वेषण करना दोनों देशों की गहरी मित्रता का जीवंत उदाहरण होने के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। शी ने कहा कि चीन बा‘ अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को और प्रगाढ़ बनाने के लिए पाकिस्तान तथा अन्य देशों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

चीन की मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (सीएमएसए) ने बताया कि प्रक्षेपण के करीब 10 मिनट बाद अंतरिक्ष यान रॉकेट से अलग होकर अपनी निर्धारित कक्षा में प्रवेश कर गया। प्रक्षेपण का सीधा प्रसारण किया गया था। एजेंसी ने बताया कि सभी अंतरिक्ष यात्री स्वस्थ हैं। अंतरिक्ष यात्रियों के दल में मिशन कमांडर एवं अंतरिक्ष यान के पायलट तांग होंगबो, उड़ान अभियंता वू यी और अली शामिल हैं। अली चीन के ‘तियांगोंग’ अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बने।

कुछ घंटों बाद मानवयुक्त अंतरिक्ष यान ‘शेनझोउ-24’ सफलतापूर्वक ‘तियांगोंग’ अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया। इसके बाद पेलोड विशेषज्ञ के रूप में नामित अली समेत दल के सभी सदस्य अंतरिक्ष स्टेशन में दाखिल हुए। अंतरिक्ष स्टेशन में पिछले छह माह से तीन अंतरिक्ष यात्री सेवाएं दे रहे हैं। पाकिस्तानी वायुसेना के पायलट अली करीब एक सप्ताह के बाद दो अन्य चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ ‘शेनझोउ-23’ अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर लौटेंगे।

चीनी अंतरिक्ष यात्री आमतौर पर अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब छह महीने बिताते हैं, जिसके बाद उनकी जगह तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री लेते हैं। हालांकि, इस बार पिछले दल के एक सदस्य झू यांगझू अगले छह महीने तक वहीं रहेंगे। पृथ्वी पर लौटने तक झू यांगझू किसी चीनी अंतरिक्ष यात्री द्वारा एक ही मिशन में सबसे लंबे समय तक पृथ्वी की कक्षा में रहने का रिकॉर्ड बना लेंगे।

चीन ने अपना अंतरिक्ष स्टेशन उस समय विकसित किया था, जब उसके अंतरिक्ष कार्यक्रम में चीनी सेना ‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी’ (पीएलए) की भागीदारी को लेकर ंिचताओं के चलते कथित तौर पर उसे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से दूर रखा गया था।
चीन वर्तमान में दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जो अपने स्वयं के अंतरिक्ष स्टेशन का संचालन कर रहा है। उसका अंतरिक्ष स्टेशन 2022 में परिचालन में आया था।

फुटबॉल के मैदान के आकार वाले अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की तुलना में ‘तियांगोंग’ अपेक्षाकृत छोटा है। वर्ष 1998 में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के प्रक्षेपण के बाद से विभिन्न देशों के अंतरिक्ष यात्री वहां 3,000 से अधिक प्रयोग कर चुके हैं। खबरों के अनुसार, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ‘नासा’ की योजना 2031 की शुरूआत में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन को सेवामुक्त करने की है। इसके लिए ‘स्पेसएक्स’ द्वारा विकसित किए जा रहे एक विशेष यान की मदद से अंतरिक्ष स्टेशन को उसकी कक्षा से बाहर निकालकर नियंत्रित तरीके से पृथ्वी के वायुमंडल में पुन? प्रवेश कराया जाएगा और दक्षिणी प्रशांत महासागर में गिराया जाएगा।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav