अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में आग, सोते हुए 4 चालकों की जलकर मौत, 2 गंभीर

दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार तड़के अवैध चार्जिंग-पार्किंग पॉइंट में लगी आग में चार चालकों की मौत, दो झुलसे; सात ई-रिक्शा जलकर खाक, पुलिस बैटरी फटने और शॉर्ट सर्किट समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Mon, 30 Nov 2026 05:04 AM
अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट में आग, सोते हुए 4 चालकों की जलकर मौत, 2 गंभीर
ऑडियो सुनें

दिल्ली के शाहदरा जिले के विश्वास नगर इलाके में रविवार तड़के एक अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग-पार्किंग पॉइंट में आग लग गई। हादसे में चार ई-रिक्शा चालकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से झुलस गए। सभी छह चालक चार्जिंग पॉइंट के ठीक ऊपर बनी दुछत्ती (मेजानाइन फ्लोर) पर सो रहे थे। आग में पार्किंग में खड़े सात ई-रिक्शा भी पूरी तरह जल गए।

चार की मौत, दो की हालत नाजुक

सूचना मिलने पर पुलिस के साथ दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाकर अंदर फंसे लोगों को झुलसी हालत में नजदीकी डॉ. हेडगेवार अस्पताल भेजा गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। दो की हालत को देखते हुए उन्हें जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान गांव अमईपुर, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले साधुराम कश्यप (50), महेंद्र कश्यप (40), अशोक कश्यप (40) और लालाराम यादव (35) के रूप में हुई है। झुलसे रामबीर (55) और ठाकुर दयाल (50) का जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कैसे लगी आग?

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। शुरुआती जांच में ओवर चार्जिंग के कारण बैटरी फटने या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फर्श बाजार थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तड़के 4:13 बजे मिली सूचना

शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, कंट्रोल रूम को रविवार तड़के करीब 4:13 बजे हादसे की सूचना मिली। गली नंबर-11, विश्वास नगर में करीब 60 गज का तीन मंजिला मकान है, जिसके ग्राउंड फ्लोर पर मकान मालिक नवीन सैनी ने एक बड़ा हॉल बनाया हुआ है।

चार्जिंग पॉइंट के पास ही सोते थे चालक

नवीन सैनी के पास खुद के 10 ई-रिक्शा हैं। ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में ये ई-रिक्शा खड़े होते हैं और वहीं अवैध रूप से चार्जिंग पॉइंट भी बनाया गया था। पहली मंजिल की ऊंचाई 13 से 14 फीट है और आधे हॉल में पार्किंग के ऊपर दुछत्ती डाली गई थी, जहां चालक रात को सोते थे।

ऊपरी मंजिलों पर रहते हैं किरायेदार

ग्राउंड फ्लोर के अलावा ऊपर की मंजिलों पर किरायेदार रहते हैं, जिनके आने-जाने के लिए गली से अलग जीना बना है। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और पड़ोसियों की नींद धमाके की आवाज से खुली। इमारत में मौजूद लोग किसी तरह जीने से उतरकर बच निकले।

करीब 5 बजे आग पर काबू

पड़ोसियों ने मोटर चलाकर आग बुझाने की कोशिश की। दमकल की चार गाड़ियों ने करीब 5 बजे आग पर काबू पाया। झुलसे रामबीर और ठाकुर दयाल ने आग लगने पर मेन गेट का दरवाजा खोल लिया था और इसी दौरान वे झुलस गए। दमकलकर्मियों ने सभी मृतकों को दुछत्ती से निकाला।

मकान मालिक की तलाश

आग में पार्किंग में खड़े सात ई-रिक्शा पूरी तरह जल गए। पुलिस अवैध चार्जिंग पॉइंट चलाने वाले मकान मालिक नवीन सैनी की तलाश कर रही है, जो परिवार के साथ कांति नगर इलाके में रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news