
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल ने रविवार को फिल्म उद्योग में 30 साल पूरे कर लिये और इस यात्रा के दौरान प्रशंसकों से मिले प्यार के लिए शुक्रिया अदा किया. सैंतालीस-वर्षीया अभिनेत्री ने इस जश्न को मनाने के लिए इंस्टाग्राम पर अपने फिल्मों के नाम और उसमें निभाए गए अपने किरदारों का एक वीडियो पोस्ट किया.
काजोल ने कैप्शन में लिखा, ”कल किसी ने मुझसे पूछा था कि मैं क्या महसूस कर रही हूं? वास्तव में मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती, सिवाय यह कहने के कि मुझे बिना शर्त प्यार करने के लिए सभी को हृदय से आभार! तीस साल (की यात्रा) के लिए चीयर्स….’’ अनुभवी अभिनेत्री तनुजा और निर्देशक शोमू मुखर्जी की बेटी काजोल ने फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत एक्शन ड्रामा फिल्म ”बेखुदी” से की थी. ये फिल्म 31 जुलाई 1992 को रिलीजÞ हुई थी.
अगले तीन दशकों तक अभिनेत्री ने ”ये दिल्लगी”, ”दुश्मन”, ”प्यार किया तो डरना क्या”, ”फना” और ”गुप्त”, ”बाजीगर”, ”करण-अर्जुन”, ”दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे”, ”कुछ कुछ होता है”, ”कभी खुशी कभी गम…”, जैसी यादगार हिट फिल्में दीं. ”पीटीआई-भाषा” को हाल ही में दिए गए एक साक्षात्कार में काजोल ने कहा था कि वह भाग्यशाली थीं कि उन्होंने ”कुछ शानदार निर्देशकों के साथ महान फिल्मों में काम किया.” उन्होंने कहा, ”मैं अपने प्रशंसकों के प्रति हमेशा आभारी रहूंगी, जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया.”



