नीतीश-केसीआर मुलाकात दो दिवास्वप्न देखने वालों का मिलन: सुशील मोदी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 31 Aug 2022 01:39 PM
नीतीश-केसीआर मुलाकात दो दिवास्वप्न देखने वालों का मिलन: सुशील मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशील कुमार मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तेलंगाना के उनके समकक्ष के चंद्रशेखर राव पर तंज कसते हुए बुधवार को कहा कि दोनों नेताओं के बीच प्रस्तावित बैठक ‘‘दो दिवास्वप्न देखने वालों का मिलन’’ है।

केसीआर के नाम से लोकप्रिय राव बुधवार को पटना पहुंचने वाले हैं। वह नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे। ज्ञात हो कि दोनों नेता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिशें कर रहे हैं। अपनी बिहार यात्रा के दौरान केसीआर गलवान घाटी में चीन के सैनिकों के साथ हुई ंिहसक झड़प में शहीद हुए बिहार के सैनिकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करेंगे।

दोनों नेताओं की मुलाकात पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा कि यह अपने-अपने राज्यों में जनाधार खो रहे और ‘‘प्रधानमंत्री बनने की आकांक्षा’’ रखने वाले नेताओं की मुलाकात है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री मोदी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘यह दिवास्वप्न देखने वाले दो नेताओं की मुलाकात है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कहीं नहीं ठहरते।’’ उन्होंने इस बैठक को विपक्षी एकता का ‘‘ताजा कॉमेडी शो’’ करार दिया।

पिछले दिनों नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होकर भाजपा से नाता तोड़ लिया था। बाद में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वामपंथी दलों से हाथ मिला लिया और राज्य में महागठबंधन की सरकार बनाई। इस राजनीतिक उलट-फेर को भाजपा ने जनता से धोखा और जनादेश का अपमान बताया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav