टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का कार दुर्घटना में निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Sep 2022 09:18 PM
टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का कार दुर्घटना में निधन
ऑडियो सुनें

मुंबई. टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की महाराष्ट्र के पालघर में रविवार को हुई एक कार दुर्घटना में मौत हो गई. वह 54 वर्ष के थे. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब मिस्त्री की लग्जरी कार मुंबई से सटे पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई. उस समय मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे.

पालघर जिले के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा, ‘‘दुर्घटना अपराह्न लगभग 3.15 बजे हुई. मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई की तरफ जा रहे थे. यह हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ.’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना में मिस्त्री और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए गुजरात भेज दिया गया है.’’ हादसे के वक्त कार में मिस्त्री और कार चालक समेत कुल चार लोग सवार थे.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा मुंबई से करीब 120 किलोमीटर दूर कासा थाना क्षेत्र में सूर्या नदी पुल पर हुआ. मिस्त्री की कार डिवाइडर से टकराने के बाद रिटेंशन वॉल से जाकर टकरा गई. इस हादसे में जान गंवाने वाले मिस्त्री और जहांगीर पंडोले के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया. वहीं हादसे में घायल हुए दोनों लोगों- कार चालक अनाहिता पंडोले और डेरियस पंडोले को इलाज के लिए गुजरात के वापी के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है. इस बीच महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस को इस जानलेवा हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं.

मिस्त्री ने वर्ष 2012 में सिर्फ 44 साल की उम्र में टाटा समूह की प्रतिनिधि कंपनी टाटा संस की बागडोर संभाली थी. वह इस पद पर चार साल रहे और अक्टूबर 2016 में निदेशक मंडल के साथ मतभेद होने के बाद उन्हें अचानक ही पद से हटा दिया गया था. मिस्त्री ने शापूरजी पलोनजी समूह के मुखिया के तौर पर भी कमान संभाली जिसके पास टाटा संस में सर्वाधिक हिस्सेदारी रही है. उनके पिता और दिग्गज उद्योगपति पलोनजी शापूरजी मिस्त्री का करीब दो महीने पहले ही निधन हुआ था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu