भारत जोड़ो यात्रा : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने त्रिशूर में गैस सिलेंडर के कटआउट के साथ किया प्रदर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Sep 2022 05:52 PM
भारत जोड़ो यात्रा : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने त्रिशूर में गैस सिलेंडर के कटआउट के साथ किया प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

त्रिशूर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार सुबह केरल के त्रिशूर जिले के थिरूर से अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ फिर से शुरू की. यात्रा में उनके साथ शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की कीमत में वृद्धि के खिलाफ गैस सिलेंडर के आकार के कटआउट और बैनर के साथ प्रदर्शन किया.

डेढ़ सौ दिनों तक चलने वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने रविवार को सुबह के सत्र में 11 किलोमीटर की दूरी तय की और वडक्कांचेरी पहुंची.
यात्रा के तहत सुबह के सत्र में मुरलीधरन, के सी वेणुगोपाल, रमेश चेन्नीथला और वी डी सतीशन सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ पदयात्रा कर रहे थे.

रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर के आकार के कटआउट लेकर यात्रा शुरू की. उनके हाथों में तख्तियां भी थीं, जिसपर देश में रसोई गैस की कीमतों में भारी वृद्धि को उजागर किया गया था. वड्क्कांचेरी में सुबह का सत्र समाप्त होने के बाद राहुल गांधी हेलीकॉप्टर के जरिये नीलंबुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिवंगत आर्यदन मोहम्मद के आवास पर गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद का रविवार को कोष्षिकोड के एक निजी अस्पताल में 87 साल की उम्र में निधन हो गया.
गांधी ने कहा कि मोहम्मद कांग्रेस के स्तंभ थे और उनके निधन से पार्टी को बड़ी क्षति हुई है. उन्होंने मीडिया से कहा, ‘‘वह कांग्रेस के स्तंभ, जमीनी पार्टी कार्यकर्ता और शानदार नेता के साथ-साथ अच्छे इनसान थे. उनका निधन हमारे लिए बड़ी क्षति और त्रासदी है. वह मेरे लिए पथप्रदर्शक और बड़े भाई थे. यह मेरे लिए निजी क्षति है.’’ उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने देश में ईंधन और रसोई गैस की कीमतों में भारी वृद्धि को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ंिहसा और नफरत फैला रहे हैं.

त्रिशूर में लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा था, ‘‘जब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार थी, तब गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपये थी. उस समय प्रधानमंत्री गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपये होने की शिकायत करते थे, लेकिन आज गैस सिलेंडर एक हजार रुपये का होने पर वह एक शब्द भी नहीं बोलते.’’ कांग्रेस ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे इस ‘‘ऐतिहासिक आंदोलन में शामिल हों, जो मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के पुन: निर्माण के लिए है.’’ त्रिशूर में महिलाओं और बच्चों को राहुल से मिलने के लिए सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए देखा गया. इस दौरान कांग्रेस नेता उनसे बात कर रहे थे, तस्वीर ंिखचवा रहे थे और सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे थे.

राहुल पूरे रास्ते में लोगों से मिलते हुए वडक्कांचेरी पहुंचे. वह शाम पांच बजे दूसरे चरण की यात्रा शुरू करेंगे. रविवार की यात्रा जिले के चेरुथुरुथी में समाप्त होगी. गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 150 दिनों में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. यह यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी. यात्रा 10 सितंबर की शाम केरल में दाखिल हुई और 19 दिनों में 450 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए एक अक्टूबर को कर्नाटक में प्रवेश करेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu