चीन व रूस ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में ब्राजील, भारत, दक्षिण अफ्रीका की भूमिका की सराहना की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 23 Sep 2022 01:50 PM
चीन व रूस ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में ब्राजील, भारत, दक्षिण अफ्रीका की भूमिका की सराहना की
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क: चीन और रूस ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में ब्राजील, भारत तथा दक्षिण अफ्रीका की स्थिति व भूमिका के महत्व को एक बार फिर रेखांकित किया, साथ ही संयुक्त राष्ट्र में उनकी ‘‘बड़ी भूमिका निभाने की आकांक्षाओं’’ का समर्थन किया है। ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के समूह ‘ब्रिक्स’ के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद जारी एक बयान में यह जानकारी दी।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च स्तरीय सत्र से इतर ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों ने बृहस्पतिवार को यहां एक बैठक की। ब्राजील के विदेश मंत्री कार्लोस अल्बर्टो फ्रेंको फ्रैंक, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, विदेश मंत्री एस जयशंकर, चीन के विदेश मंत्री वांग यी और दक्षिण अफ्रीका गणराज्य की अंतरराष्ट्रीय संबंधों व सहयोग मंत्री नलेदी पैंडर इस बैठक में शामिल हुईं।

ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका ‘ब्रिक्स’ का हिस्सा हैं, जो दुनिया की 36 अरब से अधिक आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। बैठक के बाद जारी बयान के अनुसार, मंत्रियों ने 2021-2022 और 2022-2023 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के सदस्यों के तौर पर भारत और ब्राजील की भूमिका की सराहना की।

बयान में कहा गया, ‘‘ यूएनएससी में ब्रिक्स के चार सदस्य देशों की मौजूदगी अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा के मुद्दे पर और आपसी हित के क्षेत्रों में निरंतर सहयोग को लेकर जारी बातचीत को बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है।’’ मंत्रियों ने 2005 के विश्व शिखर सम्मेलन के नतीजों को रेखांकित करते हुए संयुक्त राष्ट्र में व्यापक सुधार की आवश्यकता की बात दोहराई, ताकि इसका विस्तार किया जा सके, इसे अधिक प्रभावी व कुशल बनाया जा सके और इसमें विकासशील देशों का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जा सके, जिससे वैश्विक चुनौतियों से सक्षम तरीके से निपटा जा सके।

बयान में कहा गया, ‘‘ चीन और रूस ने अंतरराष्ट्रीय मामलों में ब्राजील, भारत और दक्षिण अफ्रीका की स्थिति व भूमिका के महत्व को रेखांकित किया और संयुक्त राष्ट्र में एक बड़ी भूमिका निभाने की उनकी आकांक्षा का समर्थन किया है।’’ बैठक में मंत्रियों ने बहुपक्षीय प्रणाली को मजबूत करने और उनमें सुधार लाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, खासकर संयुक्त राष्ट्र और उसकी प्रमुख एजेंसियों में…ताकि वैश्विक इकाइयों को अधिक समावेशी बनाया जा सके ।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav